18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एशियन गेम्स की शुरुआत से 10 दिन पहले जापान के नागोया में बाढ़ की वजह से कुछ समय के लिए 400 खिलाड़ियों और स्टाफ को कुछ समय के लिए ऊंची जगह पर ले जाया गया।
बाढ़ में नागोया शहर की सड़कें और घर पानी में डूब गए। हालांकि मेयर इचिरो हिरोसावा का कहना है कि एशियन गेम्स के लिए कोई चिंता की बात नहीं है। टूर्नामेंट का आयोजन तय समय पर होगा।

बाढ़ की वजह से नागोया में सड़कें डूब गई हैं।
3500 लोगों ने इमरजेंसी शेल्टर में शरण ली
बस और मेट्रो सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित रहीं। करीब 3,500 लोगों ने इमरजेंसी शेल्टर में शरण ली। नागोया और इची में एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने हैं।
रिपोर्ट- वेन्यू में कुछ जगह छतों से पानी टपक रहा
जापानी मीडिया में शहर की सड़कों और मेट्रो स्टेशनों में भरे पानी की तस्वीरें दिखाई गईं। न्यूज एजेंसी AP की रिपोर्ट के मुताबिक, वेन्यू की कुछ जगहों पर छतों से पानी टपकने की घटनाएं भी हुईं। हालांकि मेयर हिरोसावा ने कहा कि एशियन गेम्स के दर्जनों वेन्यू को गंभीर नुकसान नहीं हुआ है।

भारत गेम्स में 768 सदस्यीय दल भेज रहा
खेल मंत्रालय ने बुधवार को 20वें एशियन गेम्स के लिए भारत के 503 खिलाड़ियों के साथ 246 टीम अधिकारियों और कोचों के दल को मंजूरी दी। एथलेटिक्स और क्रिकेट को एची-नागोया, जापान में होने वाले इस बड़े आयोजन के लिए सबसे ज्यादा सपोर्ट स्टाफ मिला है।
मंत्रालय ने पहले 35 खेलों में 492 खिलाड़ियों को मंजूरी दी थी। इसके बाद कुछ नाम जोड़े गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा बढ़ोतरी एथलेटिक्स टीम में हुई है। एथलेटिक्स खिलाड़ियों की संख्या 73 से बढ़कर 79 हो गई है।
चार सर्फर्स को भी मंजूरी मिली है। इसके साथ भारत अब 36 खेलों में हिस्सा लेगा। भारत के पूरे दल में 768 सदस्य हैं। इसमें 19 दल अधिकारी भी शामिल हैं। इनमें दल प्रमुख सहदेव यादव और मुख्य मेडिकल अधिकारी डॉ. दिनशॉ पार्डीवाला शामिल हैं।
हॉकी, शूटिंग और बैडमिंटन टीम
पुरुष और महिला टीमों वाली 40 सदस्यीय हॉकी टीम के लिए 14 सदस्यीय सपोर्ट स्टाफ को मंजूरी मिली है। इसमें 6 कोच और 3 फिजियोथेरेपिस्ट शामिल हैं।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर की अगुवाई वाली शूटिंग टीम के साथ 17 सदस्यीय सपोर्ट स्टाफ रहेगा। इसमें 11 कोच शामिल हैं।
20 सदस्यीय बैडमिंटन टीम के साथ राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद जाएंगे। इंडोनेशिया के इरवांश्या और मलेशिया के तन किम हर भी विदेशी कोच के तौर पर टीम के साथ रहेंगे।

