राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी (Human Trafficking) और हवाला नेटवर्क से जुड़े एक बेहद संवेदनशील मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने मोहाली स्थित विशेष एनआईए अदालत में दो मुख्य आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल
.
इन आरोपियों में हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला का निवासी सनी उर्फ सनी डोनकर और दिल्ली का रहने वाला हवाला एजेंट शुभम संधल उर्फ डीप हुंडी शामिल हैं। एनआईए ने दोनों पर अवैध मानव तस्करी, धोखाधड़ी और संगठित अपराध से संबंधित कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
मेक्सिको से संचालित होता था ‘डंकी रूट’ का खेल
एनआईए की तफ्तीश में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच के मुताबिक आरोपी सनी ने वर्ष 2021 से 2023 तक मेक्सिको में बैठकर इस पूरे अंतरराष्ट्रीय रैकेट का संचालन किया। वह इस नेटवर्क के मुख्य सरगना गगनदीप सिंह उर्फ गोल्डी के साथ मिलकर काम कर रहा था।
ये लोग भारत से भोले-भले लोगों को अवैध रूप से मेक्सिको और अमेरिका पहुंचाने के लिए कुख्यात ‘डंकी रूट’ का इस्तेमाल करते थे। रास्ते में पीड़ितों को बंधक (Hostage) बनाकर प्रताड़ित किया जाता था और उनके परिजनों से मोटी रकम वसूली जाती थी।

भारत आकर भी सक्रिय रहा सनी, शुभम संभालता था दिल्ली से हवाला
जांच एजेंसी के अनुसार, साल 2023 में भारत लौटने के बाद भी सनी ने इस धंधे से दूरी नहीं बनाई। वह भारत में रहकर नेटवर्क के लॉजिस्टिक्स, हवाला लेन-देन और पीड़ितों की अवैध आवाजाही का तालमेल (कोऑर्डिनेशन) देखता रहा। दूसरी ओर, दिल्ली का रहने वाला शुभम संधल इस नेटवर्क के लिए बतौर हवाला एजेंट सक्रिय था। उस पर भारत में फंसे ग्राहकों या उनके परिवारों से पैसे वसूलकर उसे हवाला चैनलों के जरिए विदेशों में बैठे गैंगस्टरों तक पहुंचाने का आरोप है।
विदेशी पत्नी और धर्मशाला कनेक्शन
जांच में सामने आया है कि आरोपी सनी धर्मशाला के नौरोजी रोड, मैक्लोडगंज क्षेत्र का रहने वाला है। उसने 14 मार्च 2016 को धर्मशाला फैमिली कोर्ट में मेक्सिको की महिला नागरिक क्रिस्टियन मेंडोजा बॉटिस्ता से शादी की थी। इसके बाद उसने मैक्लोडगंज में एक तीन मंजिला आलीशान मकान बनाया और ‘सनी कम्युनिकेशन सेंटर’ नाम से एक व्यापार शुरू किया। जांच एजेंसियां अब इस कारोबार की आड़ में काले धन को सफेद करने के कोण से भी पड़ताल कर रही हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, वर्तमान में उसकी विदेशी पत्नी और छोटी बेटी धर्मशाला में एक किराये के मकान में रह रही हैं।

करोड़ों का मनी ट्रेल: प्रति व्यक्ति 45 लाख रुपये की वसूली; अब ED की एंट्री
एनआईए के अनुसार, छापेमारी के दौरान जब्त किए गए बैंक रिकॉर्ड, डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों से करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन के पुख्ता संकेत मिले हैं। मुख्य सरगना गगनदीप उर्फ गोल्डी प्रति व्यक्ति करीब 45 लाख रुपये लेकर स्पेन, अल साल्वाडोर, ग्वाटेमाला और मेक्सिको के रास्ते अवैध रूप से अमेरिका भेजता था। इस बड़े वित्तीय साम्राज्य को देखते हुए अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी इस मनी ट्रेल और हवाला नेटवर्क की जांच में कूद गया है।
उल्लेखनीय है कि 4 जुलाई 2025 को एनआईए ने धर्मशाला में सनी के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, हार्ड ड्राइव और मोबाइल फोन जब्त किए थे। इनकी फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर ही यह आरोप पत्र दाखिल किया गया है। कोर्ट में मामले की न्यायिक प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
