- Hindi News
- National
- Nirmal Ghosh Attacked: Former TMC MLA Assaulted Outside Barrackpore Court
15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कोलकाता के आरजी कर अस्पताल की डॉक्टर के रेप-मर्डर मामले में गिरफ्तार पूर्व TMC विधायक निर्मल घोष पर भीड़ ने हमला कर दिया। पुलिस शुक्रवार को उन्हें नॉर्थ 24 परगना के खरदह थाने से बैरकपुर कोर्ट ले जा रही थी। तभी भीड़ ने उन्हें घेर लिया। लोगों ने निर्मल घोष को लात-घूंसों से पीटा और उन पर जूते-चप्पल, अंडे और कीचड़ भी फेंका।
सुरक्षा के लिए पुलिस ने निर्मल घोष के सिर पर हेलमेट लगाया। उनके सफेद कुर्ते पर कीचड़ और अंडे के निशान दिखाई दिए। बैरकपुर कोर्ट पहुंचने पर भी लोगों ने उनके खिलाफ ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए। पुलिस ने 13 अगस्त को निर्मल घोष और उनके करीबी संजीब मुखर्जी को ओडिशा से गिरफ्तार किया था।
मामले में गिरफ्तार दूसरे आरोपी संजीब मुखर्जी के साथ भी ऐसा ही हुआ। मुखर्जी पीड़िता के पड़ोसी और पानीहाटी नगरपालिका के पूर्व TMC पार्षद हैं। वह निर्मल घोष के करीबी माने जाते हैं। आरोप है कि डॉक्टर का शव पोस्टमॉर्टम के बाद पानीहाटी श्मशान घाट ले जाए जाने के दौरान मुखर्जी वहां मौजूद थे।
इस मामले का तीसरा आरोपी सोमनाथ डे है, जो पानीहाटी नगरपालिका का पूर्व चेयरमैन है और फिलहाल फरार है। पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 14 दिन की रिमांड मांग सकती है।
पीड़ित के पिता की शिकायत के बाद हुई गिरफ्तारी
दोनों की गिरफ्तारी पीड़ित के पिता की नई शिकायत के बाद हुई। उन्होंने सोमवार को शिकायत दर्ज कराई थी, जिसे बाद में FIR में बदल दिया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि तत्कालीन पानीहाटी विधायक निर्मल घोष ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए उनकी बेटी के शव का परिवार की इच्छा के खिलाफ जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराया।
पीड़िता के माता-पिता का आरोप है कि अंतिम संस्कार इतनी जल्दी कराया गया कि दोबारा पोस्टमॉर्टम की संभावना खत्म हो गई, जिससे रेप और हत्या से जुड़े अहम सबूत सामने आने से रोके जा सकते थे।
CBI जांच में शामिल नहीं था जल्द अंतिम संस्कार का एंगल
जल्दबाजी में अंतिम संस्कार का यह आरोप अब तक चल रही CBI जांच के दायरे में नहीं था। पीड़िता की दूसरी बरसी पर रविवार को हुए एक स्मृति कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस मामले का जिक्र किया था। इसके बाद उन्होंने बैरकपुर पुलिस कमिश्नर को अंतिम संस्कार में हुई कथित जल्दबाजी की नए सिरे से जांच शुरू करने का निर्देश दिया था।
इसी जांच के बाद पीड़िता के पिता की शिकायत पर FIR दर्ज हुई और निर्मल घोष व संजीब मुखर्जी को गिरफ्तार किया गया।
यह खबर लगातार अपडेट की जा रही है…

