3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मॉड्यूल से जुड़े 5 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी को पाटन जिले के सिद्धपुर तालुका के खाडियाल गांव से पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल आबिदभाई शेरा, मोहम्मद अयूब कादीवाला, मोहम्मद पालनपुरी उर्फ खाली अयूब सुनसारा, शफिया रईस मुख्ती और मोहम्मद हसन कार्डिया के रूप में हुई है।
इन्हें मेहसाणा जिले के कढ़ी कस्बे में न्यायिक मजिस्ट्रेट आरएम भाटिया के सामने पेश किया गया, जहां से इन्हें 24 जुलाई तक ATS की हिरासत में भेज दिया गया है।
इससे पहले 3 जुलाई को जैश से जुड़े 8 संदिग्धों को पकड़ा गया था। इनसे पूछताछ के बाद यह कार्रवाई की गई और इन पांचों को पकड़ा।

3 जुलाई को इन 8 आतंकियों को गुजरात और मध्य प्रदेश से पकड़ा गया था।
पकड़े गए आतंकी बम बनाने की कोशिश में थे
सरकारी वकील पीआर दंतनी ने बताया कि ATS ने कोर्ट को जानकारी दी कि आरोपियों में से एक ने टाइम बम बनाने की कोशिश की थी। हालांकि, उनका यह प्रयोग असफल रहा।
पुलिस को अभी बम बनाने का सामान और उर्दू में लिखी जैश-ए-मोहम्मद की लिटरेचर बरामद करनी है। दंतनी के अनुसार, ATS यह पता लगाना चाहती है कि बम बनाने का सामान कहां से लाया गया और उसे कहां छिपाया गया था। साथ ही, जिहादी किताबें कहां से मिलीं। उन्हें कहां रखा गया है।
8 संदिग्ध पाकिस्तान के अब्दुल्ला साहब नाम के हैंडलर के संपर्क में थे
डीआईजी सुनील जोशी ने आगे बताया कि सभी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान के अब्दुल्ला साहब नाम के एक हैंडलर के संपर्क में थे। हैंडलर के इशारे पर ही गुजरात में मजबूत नेटवर्क खड़ा करने कोशिशों में लगे हुए थे। इन्हें एक शख्स के जरिए 3 लाख रुपए भी मिले थे। ये गुजरात में पाटण के एक मदरसे में रह रहे थे। मदरसे से साहित्य और कुछ पर्चे भी जब्त किए गए हैं। पूरी खबर पढ़ें…

एटीएस की हिरासत में आतंकी और पाटण का वह मदरसा, जहां सभी रह रहे थे।
आतंकी मसूद अजहर ने 26 साल पहले बनाया JeM
जैश ए मोहम्मद (JeM) पाकिस्तान का आतंकवादी संगठन है। इसे आतंकी मसूद अजहर ने साल 2000 में बनाया था। इस पर भारत समेत कई देशों में आतंकी हमलों को अंजाम देने के आरोप हैं।
जैश का मुख्यालय पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलपुर में है। ये संगठन पाकिस्तान के कई इलाकों में ट्रेनिंग कैम्प और आतंकी नेटवर्क संचालित करता है।
इसके मुखिया आतंकी मसूद अजहर को साल 1994 में जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, दिसंबर 1999 में इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC-814 के अपहरण के बाद बंधकों की रिहाई के बदले भारत सरकार ने उसे रिहा कर दिया था।

————————————–
ये खबर भी पढ़ें…
गुजरात से 4 अलकायदा आतंकी गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर देश विरोधी और भड़काऊ पोस्ट

गुजरात एटीएस ने बताया कि उसने अल-कायदा से जुड़े 4 आतंकियों को गिरफ्तार किया है। दो आतंकी गुजरात, एक दिल्ली और एक नोएडा से पकड़ा गया है। ये चारों नकली नोटों के रैकेट और आतंकी संगठन से लोगों को जोड़ने का काम कर रहे थे। ये ऐसे एप्स का उपयोग कर रहे थे जिसमें कंटेंट अपने आप डिलीट हो जाता है। पूरी खबर पढ़ें…

