Headlines

Punjab Chandigarh News | Ex-ED Officer Niranjan Singh Joins Amritpal Singh Party


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर ED से जुड़ी रही। ED ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार में मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के भांजे पर रेड की। यह रेड ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) में चल रही कार्रवाई का ही हिस्सा है।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. AAP मंत्री हरदीप मुंडियां के भांजे पर ED रेड

पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार में मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के भांजे पर ED ने रेड की है। टीमें लुधियाना पहुंचकर मंत्री के भांजे गुरप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस के घर की तलाशी ले रही हैं। यह रेड मंगलवार से ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) में चल रही कार्रवाई का ही हिस्सा है। मुंडियां अर्बन हाउसिंग मिनिस्टर हैं और GMADA भी उनके मंत्रालय के अंडर ही आता है।

चंडीगढ़ में GMADA के पूर्व चीफ एडमिनिस्ट्रेटर और पंजाब के वरिष्ठ IAS अधिकारी राजीव गुप्ता के घर भी ED की रेड जारी है। मनी लॉन्ड्रिंग केस को लेकर मंगलवार सुबह शुरू हुई ED की कार्रवाई में दिल्ली, मोहाली, चंडीगढ़, पंचकूला और लुधियाना के 26 ठिकानों पर सर्च और सर्वे किया जा रहा है।

मोहाली के फेज-8 स्थित पुडा भवन में ED की टीमें रातभर रिकॉर्ड खंगालती रहीं। GMADA मुख्यालय के कुछ हिस्से जांच एजेंसी ने सील भी कर दिए। जांच तिरुपति इंफ्राप्रोजेक्ट्स और उससे जुड़ी कंपनियों को GMADA की दो प्रमुख नीलामी साइटों में कथित वित्तीय राहत से जुड़े मामले पर केंद्रित है। ED के अनुसार, इससे कंपनियों को 100 करोड़ रुपए से ज्यादा का संदिग्ध फायदा और सरकारी खजाने को नुकसान होने की आशंका है। (पढ़ें पूरी खबर)

2. पूर्व ED अफसर MP अमृतपाल की पार्टी में शामिल

एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) के पूर्व अधिकारी निरंजन सिंह पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल (वारिस पंजाब दे) में शामिल हो गए हैं। उन्होंने चंडीगढ़ में अमृतपाल के पिता तरसेम सिंह और विधायक मनप्रीत अयाली की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ली।

इस मौके पर निरंजन सिंह ने कहा कि वह राजनीतिक व्यक्ति नहीं हैं और राजनीतिक क्षेत्र में आने की उनकी इच्छा भी नहीं थी। उन्होंने कहा कि समाज को अब सवाल पूछने की आदत नहीं रही। लोग अपने नफा-नुकसान तक सीमित होकर रह गए हैं।

निरंजन सिंह ने कहा कि पंजाब में भ्रष्टाचार और नशे का माफिया चल रहा है। कोई राजनीतिक व्यक्ति इसकी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। जबकि, राजनीतिक लोग खुद को जनता का मालिक समझने लगे हैं। व्यवस्था में बदलाव के लिए लोगों को सवाल पूछने होंगे और पंजाब के हित में खड़ा होना होगा। निरंजन के अलावा पंजाब पुलिस के पूर्व DSP बलविंदर सिंह ने भी सांसद अमृतपाल की पार्टी जॉइन की। (पढ़ें पूरी खबर)

3. मुलाजिमों का DA 8% बढ़ा, नोटिफिकेशन जारी

पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ सेक्रेटरी को तलब करने के अगले ही दिन सरकार ने सरकारी मुलाजिमों के महंगाई भत्ते (DA) में 8% बढोतरी का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। बुधवार को जारी नोटिफिकेशन के बाद मुलाजिमों का DA 42% से बढ़कर 50% हो गया है।

नोटिफिकेशन के मुताबिक यह बढ़ोतरी 1 सितंबर, 2026 से प्रभावी होगी। इस संबंध में वित्त विभाग ने कहा कि इसे राज्यपाल की मंजूरी मिल चुकी है।

वित्त विभाग ने यह आदेश सभी विशेष मुख्य सचिवों, अतिरिक्त मुख्य सचिवों, वित्तीय आयुक्तों, प्रधान सचिवों और प्रशासनिक सचिवों के साथ-साथ विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों, जिला एवं सत्र न्यायाधीशों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भेज दिया है। चीफ सेक्रेटरी को 5 अक्टूबर को हाईकोर्ट में पेश होना है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. BJP ने प्रदेश प्रभारियों की लिस्ट जारी की

भाजपा ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अपने प्रभारियों की लिस्ट जारी की है। इनमें पंजाब का जिम्मा सतीश पूनिया को दिया गया है। हालांकि, वह पहले से ही पंजाब के प्रभारी हैं। नई बात यह है कि उनसे हरियाणा का प्रभार ले लिया गया है।

अब उनकी जगह वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी हरियाणा का प्रभार संभालेंगी। इसके अलावा चंडीगढ़ और हिमाचल में भी पार्टी ने कोई बदलाव नहीं किया है। चंडीगढ़ में महेंद्र पांडे ही प्रभार संभालेंगे। जबकि, हिमाचल में श्रीकांत शर्मा ही बने रहेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

5. BJP नेताओं की गाड़ी ट्रक से टकराई, एक की मौत

मानसा में बुधवार को भाजपा की नशामुक्त पंजाब यात्रा के दौरान हादसा हो गया। यहां BJP नेताओं की गाड़ी की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। ट्रक से टक्कर के बाद स्विफ्ट कार के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी का अगला हिस्सा पिचक गया।

हादसे के बाद भाजपा ने अपनी यात्रा को बीच में ही रोक दिया। यह हादसा दोपहर करीब 1 बजे तब हुआ जब भाजपा नेता झुनीर कस्बे में रैली के बाद मानसा में रैली के लिए लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि भाजपा के जिला उपाध्यक्ष विनोद काली समेत कुल 6 वर्कर स्विफ्ट कार में सवार थे।

गांव कोट धर्मू के पास उनकी कार की ट्रक के साथ टक्कर हो गई। मौके पर एसएफ टीम पहुंची और कुछ घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहीं कुछ को निजी वाहनों से अस्पताल लाया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

6. ग्रेनेड अटैक करने वाले गैंगस्टर का एनकाउंटर

अमृतसर में पुलिस ने मोस्ट वांटेड गैंगस्टर का एनकाउंटर कर दिया। पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टर रोकने की कोशिश की गई तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। हमले में SHO दलजीत सिंह बाल-बाल बचे। एक गोली बाजू को छूकर निकली। दोनों तरफ से करीब 6 राउंड फायर हुए। जवाबी कार्रवाई में गैंगस्टर हरमन की टांग में गोली लगी।

पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। हरमन गुरदासपुर के हनुमान चौक में हुए ग्रेनेड अटैक समेत कई मामलों में नामजद है और एक मामले में घोषित अपराधी भी है।

पुलिस ने आरोपी गैंगस्टर की पहचान हरमन बोपाराय निवासी बोपाराय के रूप में की है। पुलिस अब उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों और उसकी आपराधिक गतिविधियों को लेकर भी जांच कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

7. बिना HSRP नंबर प्लेट गाड़ी को पेट्रोल-डीजल नहीं

जालंधर में अपराधियों की पहचान और पब्लिक सिक्योरिटी को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ाई है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने शहर में 2 बड़े आदेश जारी किए हैं। इनके तहत बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) या छेड़छाड़ वाली नंबर प्लेट के वाहनों को पेट्रोल, डीजल और CNG देने पर रोक लगा दी है।

वहीं, दूसरे आदेश में रेस्टोरेंट, ढाबों, मैरिज हॉल, बार और कैफे में हथियार लेकर पहुंचने और उनका प्रदर्शन करने पर भी पाबंदी लगा दी गई है। इसके लिए इन प्रतिष्ठानों के मालिकों को आदेश दिए गए हैं कि वे हथियार बैन का बोर्ड लगाएं। कोई इसका उल्लंघन करेगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।

इससे पहले ये आदेश अमृतसर में भी दिए जा चुके हैं। अमृतसर पुलिस ने भी अपराध पर सख्ती को लेकर कदम उठाया है। (पढ़ें पूरी खबर)

8. AAP सरपंच के पति की लाश सड़क किनारे मिली

अमृतसर में आम आदमी पार्टी की सरपंच के पति कुलजीत सिंह संधू का शव सड़क के किनारे मिला। वह 2 दिन से लापते थे। परिजनों के अनुसार कुलजीत सिंह 21 सितंबर की सुबह करीब 10:15 बजे घर से काम के लिए निकले थे। इसके बाद वह नहीं लौटे।

परिवार ने उनकी तलाश शुरू की और कई स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन उनका सुराग नहीं मिला। अब रमदास से उनका शव मिला है। शव मिलने की सूचना पर कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह औजला भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि परिवार ने मंगलवार शाम उनसे संपर्क किया था। औजला ने कहा कि यह मामला सुनियोजित हत्या का हो सकता है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. दवाओं के सैंपल फेल, हार्ट-किडनी और आंखों की दवाइयां शामिल

केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) के अगस्त माह के ड्रग अलर्ट में पंजाब-हिमाचल प्रदेश में बनी 71 दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। देशभर की फॉर्मा इंडस्ट्री की 221 दवाइयां भी मानकों पर खरी नहीं उतर सकीं। इनके सैंपल भी फेल पाए गए।

फेल दवाओं में बच्चों के सिरप से लेकर एंटीबायोटिक, हार्ट, बुखार, खांसी, पेट, किडनी और आंखों की दवाएं, इंजेक्शन और विटामिन उत्पाद शामिल हैं। इनमें 191 दवाओं की जांच स्टेट ड्रग टेस्टिंग लेबोट्रीज और 29 की केंद्रीय प्रयोगशालाओं में जांच की गई। CDSCO के ड्रग अलर्ट में हिमाचल की 63 और पंजाब की आठ दवाओं के सैंपल फेल पाए गए। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके….

10. बीच पंचायत में पत्नी ने पति को थप्पड़ जड़े

लुधियाना में लव मैरिज के बाद पंचायत में झगड़ा सुलझाने पहुंची पत्नी ने पति को पीट दिया। कपल की मंगलवार को मानवाधिकार संगठन (मालवा जोन) की प्रधान कमलजीत कौर के दफ्तर में पंचायत हुई थी।

यहां बहस के दौरान पत्नी ने पति का कॉलर पकड़कर उसे दो थप्पड़ जड़ दिए। घटना का वीडियो अब सामने आया है। पत्नी का आरोप है कि पति के घरवाले उसपर बेबुनियाद आरोप लगाते और घर से निकालने पर तुले हैं।

पति को पीटने के दौरान पूजा कहती सुनाई देती है कि पति ने पंचायत बुलाकर उसकी इज्जत खराब की है। बता दें कि पति और सास ने उस पर दूसरे व्यक्ति से छिपकर मिलने के आरोप लगाए थे। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *