रायपुर में क्रिप्टो ट्रेडिंग में तय मुनाफा दिलाने का झांसा देकर स्टूडेंट ने अपने टीचर से 1 करोड़ 54 लाख 90 हजार की ठगी कर ली। शिक्षक का आरोप है कि आरोपियों ने शुरुआत में कुछ समय तक मुनाफा देकर उसका भरोसा जीता।
.
इसके बाद अलग-अलग खातों में रकम जमा कराई। जब शिक्षक ने अपनी मूल रकम वापस मांगी तो आरोपी मुंबई से पैसा आने, ट्रेडिंग आईडी ब्लॉक होने और रकम फंसने जैसे बहाने बनाने लगे।
बाद में दोबारा निवेश के नाम पर भी पैसे लिए गए और 5 फरवरी 2026 से सभी आरोपी मोबाइल बंद कर मकान छोड़कर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले में आरोपियों की भूमिका और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है।
आरोपियों का नाम नेहल अग्रवाल, ललित अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, सीमा अग्रवाल और नमित अग्रवाल है। यह मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है।

आजाद चौक पुलिस केस दर्ज करके जांच कर रही है।
जानिए क्या है पूरा मामला
शिकायतकर्ता पुष्कर जैन ने पुलिस को बताया कि वह कॉमर्स के टीचर हैं। वर्ष 2020-21 में कोचिंग में स्टूडेंट नेहल अग्रवाल से उनकी पहचान हुई थी। इसके बाद नेहल ने उन्हें ललित अग्रवाल उर्फ लक्की, विवेक अग्रवाल और अपने कुछ अन्य परिजनों से मिलवाया।
आरोपियों ने बताया कि वे क्रिप्टोकरेंसी और USDT ट्रेडिंग का काम करते हैं। उन्होंने दावा किया कि इस कारोबार से हर महीने 25 से 30 प्रतिशत तक मुनाफा होता है। आरोपियों ने पुष्कर जैन को निवेश करने पर 8 से 10 प्रतिशत का तय मुनाफा देने का दावा किया।

बैंक से लेकर कर्ज तक की रकम लगाई
शिकायत के मुताबिक, 22 अगस्त 2024 से अलग-अलग तारीखों में पुष्कर ने आरोपियों के बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करना शुरू किया। उन्होंने अपनी जमा पूंजी के साथ-साथ बैंक और दूसरे स्रोतों से कर्ज लेकर भी निवेश किया। शुरुआत में कुछ मुनाफा मिलने से उनका आरोपियों पर भरोसा और बढ़ गया।
शिक्षक ने बताया कि जब उन्होंने अपनी मूल रकम वापस मांगी तो आरोपी अलग-अलग बहाने बनाने लगे। कभी मुंबई से पैसा आने की बात कही गई तो कभी ट्रेडिंग आईडी ब्लॉक होने और पैसा फंसने का बहाना बनाया गया।
जनवरी 2025 में पुष्कर आरोपियों के मोवा स्थित घर पहुंचे और अपनी रकम वापस मांगी। वहां सीमा देवी अग्रवाल, संजय अग्रवाल, ललित अग्रवाल और विवेक अग्रवाल ने उन्हें दो महीने के अंदर पूरी रकम लौटाने का भरोसा दिया।


दोबारा 9.90 लाख लगवाए, फिर फोन बंद
आरोप है कि बाद में नमित अग्रवाल उर्फ विक्की ने भी व्यक्तिगत गारंटी देकर शिक्षक से दोबारा निवेश करने के लिए कहा।
इसके बाद 3 फरवरी 2026 को शिक्षक ने सीमा देवी के खाते में 9.90 लाख रुपए और जमा किए। आरोप है कि इसके दो दिन बाद 5 फरवरी से सभी आरोपियों के मोबाइल बंद हो गए और वे रायपुर स्थित अपना मकान छोड़कर फरार हो गए।
शिकायत के मुताबिक, शिक्षक ने नेहल, ललित, विवेक और सीमा देवी समेत अन्य लोगों के खातों में कुल 1 करोड़ 54 लाख 90 हजार रुपए ट्रांसफर किए थे।
शिक्षक का यह भी कहना है कि उन्हें टेलीग्राम के ‘पंप एंड डंप’ ग्रुप में जोड़ा गया था। फिलहाल, पुलिस आरोपियों की भूमिका और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है।
…………………
इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
45 करोड़ दिलाने के नाम पर 1.13 करोड़ ठगे:नकली नोट को असली नोट में बदलने का झांसा दिया, 2 महिला नागपुर से अरेस्ट

1.13 करोड़ रुपए की ठगी के मामले में 2 महिला आरोपी महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने 1.13 करोड़ रुपए की ठगी के मामले में 2 महिला आरोपियों को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। दोनों पर लोगों को बड़े निवेश और फंड दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपए की ठगी करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह करीब 15 साल से देश के अलग-अलग राज्यों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा है। पढ़ें पूरी खबर…
