Headlines

'SIR का मकसद मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना':पूर्णिया की डिप्टी मेयर पल्लवी गुप्ता बोली, संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना बंद करे विपक्ष




पूर्णिया की डिप्टी मेयर पल्लवी गुप्ता ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना बंद कर देना चाहिए। पल्लवी ने मतदाता सूची को देश के लोकतंत्र की बुनियाद बताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मतदाता सूची को पारदर्शी, सटीक और समय पर अपडेट करना जरूरी है। एसआईआर अभियान से मतदाता सूची और मजबूत होगी। एसआईआर प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह से त्रुटिरहित बनाना है। इसके तहत मृत व्यक्तियों के नाम सूची से हटाना, स्थानांतरित मतदाताओं के विवरण में सुधार करना, डुप्लीकेट या फर्जी प्रविष्टियों की गलतियों को दुरुस्त करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरी प्रक्रिया का मकसद किसी भी पात्र नागरिक का वोटिंग अधिकार छीनना नहीं है, बल्कि हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना और चुनावी प्रक्रिया की पवित्रता बनाए रखना है। परिवार के नाम मतदाता सूची में जांचने की अपील पल्लवी गुप्ता ने आम जनता और शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने और अपने परिवार के नाम मतदाता सूची में जरूर जांच लें। यदि कोई गलती, त्रुटि या नाम छूटने की समस्या हो, तो चुनाव आयोग के वोटर सर्विस पोर्टल या निर्धारित दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया के माध्यम से उसे तुरंत ठीक करवाएं।
विपक्ष की आपत्ति अनुचित है डिप्टी मेयर ने विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब भी देश में जनहित या लोकतंत्र को मजबूत करने वाला कोई कदम उठाया जाता है, तो विपक्ष उसमें कमियां निकालने लगता है। वोटर लिस्ट को दुरुस्त और पारदर्शी बनाने की इस सकारात्मक प्रक्रिया पर भी विपक्ष आपत्ति जता रहा है, जो अनुचित है। यदि किसी को एसआईआर प्रक्रिया से कोई सुझाव देना है या किसी वास्तविक नागरिक का नाम छूटने की आशंका है, तो उसे लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से निर्वाचन आयोग के सामने अपनी बात रखनी चाहिए। संवैधानिक संस्थाओं पर बिना वजह सवाल खड़े करना बिल्कुल भी सही नहीं है। उन्होंने सभी दलों और नागरिकों से अपील की कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जब हमारी मतदाता सूची मजबूत और पारदर्शी होगी, तभी हमारा लोकतंत्र भी सशक्त बनेगा, इसलिए इस पूरी प्रक्रिया में हम सभी की सक्रिय भागीदारी होनी चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *