- Hindi News
- Lifestyle
- Snake Bite First Aid Treatment; Symptoms & Prevention | Saanp Ke Katne Par Kya Kare
17 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पिछले दिनों महाराष्ट्र पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट ने सांप के काटने (स्नेक बाइट) को ‘नोटिफाएबल डिजीज’ घोषित किया। यानी अब स्वास्थ्य विभाग को स्नेक बाइट के मामलों और इससे होने वाली मौतों की जानकारी देना अनिवार्य होगा।
भारत में हर साल लाखों लोग सर्पदंश का शिकार होते हैं। मानसून के दौरान ये मामले और बढ़ जाते हैं।
भारत सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, देश में सालाना 30 से 40 लाख स्नेक बाइट के मामले सामने आते हैं। इनमें 50 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो जाती है। दुनिया भर में सर्पदंश से होने वाली कुल मौतों में आधे से ज्यादा मौत अकेले भारत में होती है। चिंता की बात यह है कि हर 10 में से केवल 3 पीड़ित ही अस्पताल तक पहुंच पाते हैं।
इसलिए ‘जरूरत की खबर’ में आज स्नेक बाइट की बात करेंगे। साथ ही जानेंगे कि-
- सांप काटने पर कौन-से लक्षण दिखते हैं?
- सांप काटने पर तुरंत क्या करना चाहिए?
- स्नेक बाइट से बचाव के लिए क्या सावधानियां बरतनी चाहिए?
एक्सपर्ट- डॉ. अजय नायर, सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, नारायणा हॉस्पिटल, जयपुर
सवाल- मानसून में स्नेक बाइट के मामले क्यों बढ़ जाते हैं?
जवाब- इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- बारिश में सांप के बिलों में पानी भर जाता है। इससे वे बाहर निकल आते हैं।
- सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में सांप घरों, खेतों और गोदामों तक पहुंच जाते हैं।
- मानसून में खेती-बाड़ी का काम बढ़ने से लोगों का खेतों में आना-जाना ज्यादा होता है।
- इस दौरान घास और झाड़ियां घनी हो जाती हैं, जिनमें सांप आसानी से छिप जाते हैं।
- बारिश में चूहे और मेढक ज्यादा सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में शिकार की तलाश में सांप इंसानी बस्तियों में पहुंच जाते हैं।
- कई बार गलती से लोगों का पैर सांप पर पड़ जाता है।

सवाल- सांप काटने पर क्या लक्षण दिखते हैं? कब तुरंत हॉस्पिटल ले जाना जरूरी होता है?
जवाब- स्नेकबाइट के लक्षण इस बात पर निर्भर करते हैं कि सांप जहरीला था या नहीं। लेकिन कुछ संकेत ऐसे होते हैं, जिनमें तुरंत हॉस्पिटल ले जाना बेहद जरूरी है। ग्राफिक में सभी लक्षण देखिए-

सवाल- अगर सांप काट ले तो सबसे पहले क्या करना चाहिए?
जवाब- इसे पॉइंटर्स से समझिए-
1. मरीज को शांत, स्थिर रखें
- घबराहट से हार्ट-बीट बढ़ती है और जहर तेजी से फैलता है।
- मरीज को भरोसा दिलाएं और आराम से सांस लेने को कहें।
2. चलने-फिरने न दें
- पेशेंट को तुरंत बैठाएं या सीधा लिटाएं।
- बाइट वाले अंग को कम-से-कम हिलने दें।
3. हाथ या पैर को सहारा दें
- हाथ या पैर को आराम की स्थिति में रखें।
- जरूरत हो तो लकड़ी या किसी सख्त चीज का सपोर्ट दें।
4. कसे हुए कपड़े-सामान हटा दें
- अंगूठी, चूड़ी, कड़ा, जूते आदि तुरंत निकाल दें।
- सूजन बढ़ने पर ये चीजें ब्लड फ्लो रोक सकती हैं।
5. तुरंत अस्पताल ले जाएं
- एंटी-वेनम इंजेक्शन ही सांप के जहर का मुख्य इलाज है।
- इलाज में देरी से हालत गंभीर हो सकती है।

सवाल- सांप काटने पर डॉक्टर क्या ट्रीटमेंट देते हैं?
जवाब- इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- पेशेंट को तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती किया जाता है।
- उसकी सांस, हार्ट बीट और ब्लड प्रेशर चेक किया जाता है।
- डॉक्टर यह पता लगाते हैं कि जहर का असर कितना हुआ है।
- जरूरत पर ‘एंटी-स्नेक वेनम’ (ASV) इंजेक्शन देते हैं।
- दर्द, सूजन, उल्टी जैसी समस्याओं के लिए अलग-अलग दवाइयां देते हैं।
- सांस लेने में दिक्कत होने पर ऑक्सीजन सपोर्ट देते हैं।
- मरीज को कुछ समय तक निगरानी में रखा जाता है।
सवाल- सांप काटने पर डॉक्टर सांप की फोटो क्लिक करने को क्यों कहते हैं?
जवाब- इससे सांप की प्रजाति समझने व उसके जहर का अंदाजा लगाने और इलाज में मदद मिलती है।
सवाल- सांप काटने पर किस अस्पताल में जाना चाहिए?
जवाब- ऐसे अस्पताल ले जाएं, जहां इमरजेंसी, ICU, ऑक्सीजन और एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध हो। लक्षण गंभीर हों तो बड़े ट्रॉमा सेंटर या मल्टीस्पेशिएलिटी अस्पताल जाएं। अस्पताल दूर हो तो पहले नजदीकी PHC/CHC पहुंचें।
सवाल- सांप काटने पर कौन-सी गलतियां नहीं करनी चाहिए?
जवाब- इस दौरान की गई गलतियों से हालत बिगड़ सकती है। इसलिए इलाज में देरी करने या घरेलू उपाय अपनाने से बचें। याद रखें, स्नेक बाइट का सही इलाज अस्पताल में ही संभव है। सभी गलतियां ग्राफिक में देखिए-

सवाल- बारिश के मौसम में किन जगहों पर सांप ज्यादा निकलते हैं?
जवाब- ऐसी जगहों पर सांप ज्यादा निकलते हैं-
- खेत, घास और झाड़ियां।
- पानी भरे इलाके, नालों और तालाबों के पास।
- लकड़ी, ईंट, पत्थर या कबाड़ के ढेर के पास।
- अनाज गोदाम और चूहों वाली जगहें।
- पुराने जूते, कपड़ों या सामान के ढेर।
- घरों के आसपास की दरारें और अंधेरी जगहें।
- गांवों में कच्चे घर, पशुशाला और भूसे के ढेर।
सवाल- घर में या आसपास सांप दिखे तो क्या करें और क्या बिल्कुल न करें?
जवाब- ग्राफिक में सभी सावधानियां देखिए-

सवाल- मानसून में घर के अंदर सांप-बिच्छू आने से कैसे रोकें?
जवाब- इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- घर के आसपास की घास-झाड़ियां साफ रखें।
- कबाड़, लकड़ी और ईंटों का ढेर न लगाएं।
- दीवारों, दरवाजों और पाइपों के आसपास की दरारें बंद करें।
- घर में चूहे न आने दें।
- दरवाजों के नीचे गैप स्टॉपर लगाएं।
- घर के आसपास पानी जमा न होने दें।
- किचन और स्टोर रूम साफ व सूखे रखें।
- सांप या बिच्छू दिखे तो दूरी बनाए रखें और रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
सवाल- क्या कोई ऐसा तरीका है, जिससे जहरीले और गैर-जहरीले सांप में फर्क पता चल सके?
जवाब- नहीं, आम लोगों के लिए सिर्फ देखकर यह तय करना मुश्किल होता है कि सांप जहरीला है या नहीं। सिर का आकार, रंग, आंखों की पुतली या शरीर के निशान जैसे पारंपरिक तरीके हमेशा सही नहीं होते। एक ही प्रजाति के सांपों का रंग और आकार भी अलग-अलग हो सकता है।
सवाल- अगर जंगल या खेतों के पास रहते हैं तो सांपों से बचाव के लिए क्या सावधानियां बरतनी चाहिए?
जवाब- जंगल, खेत या ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को खास सावधानी बरतनी चाहिए। इसके लिए-
- खेत, घर और रास्तों के आसपास की घास-झाड़ियां साफ रखें।
- रात में बाहर निकलें तो टॉर्च और जूते का इस्तेमाल करें।
- किसी बिल, पत्थर, लकड़ी या भूसे के ढेर में हाथ न डालें।
- फर्श पर सीधे सोने से बचें और मच्छरदानी का इस्तेमाल करें।
- जूते और कपड़े पहनने से पहले उन्हें झाड़कर देख लें।
स्नेक बाइट से जुड़े जरूरी सवाल-जवाब
सवाल- घर में मौजूद कौन-सी चीजें सांपों को आकर्षित करती हैं? इनका फेवरेट प्लेस क्या है?
जवाब- चूहे, छिपकलियां और मेंढक सांपों को आकर्षित करते हैं। वहीं घास-झाड़ियां, लकड़ी, ईंट, कबाड़ और भूसे के ढेर उनके छिपने की पसंदीदा जगहें होती हैं। सांप अंधेरी, ठंडी और नम जगहों जैसे स्टोर रूम, दरारों, पाइपों के आसपास और पानी जमा होने वाले हिस्सों में भी छिप सकते हैं।
सवाल- सांप काटने पर एक्सपर्ट जहर चूसने या घाव काटने से क्यों मना करते हैं?
जवाब- डॉ. अजय नायर के मुताबिक, जहर चूसने या घाव काटने से इन्फेक्शन का रिस्क बढ़ जाता है।
*********************
ग्राफिक्स- विपुल शर्मा
………………………….
ये खबर भी पढ़ें…
जरूरत की खबर- FDA ने रोकी धतूरे की ऑनलाइन बिक्री:जानिए यह कितना खतरनाक, अगर गलती से खा लिया तो तुरंत क्या करें

कर्नाटक के फूड सेफ्टी एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने अमेजन, स्विगी, इंस्टामार्ट और बिगबास्केट के फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। जांच में पता चला कि कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर धतूरे के फल और बीज खाने-पीने के प्रोडक्ट्स की कैटेगरी में बेचे जा रहे थे। पूरी खबर पढ़ें…

