- Hindi News
- Sports
- Sriram Balaji & Anirudh Chandrasekar Win Cancun Country Open Doubles Title
1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

श्रीराम बालाजी और अनिरुद्ध चंद्रशेखर बने कानकुन ओपन चैंपियन: मैक्सिकन-बेलारूसी जोड़ी को 6-3, 7-6 से हराया; ₹8.3 लाख मिले
भारत के एन. श्रीराम बालाजी और अनिरुद्ध चंद्रशेखर ने कानकुन कंट्री ओपन का डबल्स खिताब जीत लिया। टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण के फाइनल में भारतीय जोड़ी ने मैक्सिको के मिगुएल एंजेल रेयेस-वरेला और बेलारूस के इवान ल्युटारेविच को 6-3, 7-6(4) से हराया। इस जीत के साथ दोनों को 125 एटीपी रैंकिंग पॉइंट्स और 9,900 डॉलर (करीब ₹8.3 लाख) की इनामी राशि मिली।
आठवें गेम में सर्विस ब्रेक से पहला सेट जीता
पहले सेट में दोनों जोड़ियों के बीच कड़ी टक्कर हुई। भारतीय जोड़ी को आठवें गेम में विपक्षी की सर्विस तोड़ने का मौका मिला, जिसे उन्होंने भुनाया। यही मैच का एकमात्र सर्विस ब्रेक रहा और बालाजी-अनिरुद्ध ने सेट 6-3 से जीत लिया।
भारतीय जोड़ी ने पहली सर्विस पर 68% और दूसरी सर्विस पर 81% अंक जीते। दूसरी ओर, रेयेस-वरेला और ल्युटारेविच को मैच में सर्विस ब्रेक का सिर्फ एक मौका मिला, लेकिन वे उसे भुना नहीं सके।
टाईब्रेकर में जीता दूसरा सेट
दूसरे सेट में दोनों जोड़ियों ने अपनी सर्विस बरकरार रखी। इसके बाद सेट टाईब्रेकर में पहुंचा। भारतीय जोड़ी ने 7-4 से टाईब्रेकर जीतकर सेट 7-6(4) से अपने नाम किया और खिताब जीत लिया।
अनिरुद्ध का 11वां, इस साल का दूसरा खिताब
कानकुन का खिताब अनिरुद्ध चंद्रशेखर का चैलेंजर सर्किट पर 11वां खिताब है। यह इस साल उनका दूसरा खिताब भी है। इससे पहले उन्होंने जापान के ताकेरू युजुकी के साथ बुसान एटीपी चैलेंजर 125 जीता था।
बालाजी का 15वां चैलेंजर खिताब
बालाजी के लिए यह इस साल का 5वां चैलेंजर खिताब है। इससे पहले उन्होंने चारों खिताब ऑस्ट्रिया के नील ओबरलाइटनर के साथ जीते थे। कानकुन की जीत के साथ बालाजी के चैलेंजर सर्किट पर कुल खिताबों की संख्या 15 हो गई है।
रनर-अप को 75 पॉइंट्स और 5,760 डॉलर
कानकुन कंट्री ओपन की उपविजेता जोड़ी रेयेस-वरेला और ल्युटारेविच को 75 एटीपी रैंकिंग पॉइंट्स मिले। उन्हें 5,760 डॉलर (करीब ₹4.8 लाख) की इनामी राशि मिली।

