![]()
चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया थाना क्षेत्र में 8 अक्टूबर को हुई मारपीट की घटना में गंभीर घायल हुए प्रभु लाल की उदयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलने के बाद शनिवार को चंदेरिया में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर बैठकर विरोध जताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे और लोगों से समझाइश की कोशिश की। पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। इधर, प्रदर्शनकारियों ने चंदेरिया की सभी दुकानें बंद करवा दीं। सड़क पर धरना देने के कारण दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही रुक गई। इसके चलते सड़क के दोनों तरफ करीब एक-एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। होटल में खाना खाते समय हुआ विवाद, कुछ देर बाद पहुंच गए आरोपी चंदेरिया थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार परिवादी शंकर कीर निवासी चंदेरिया हाउसिंग बोर्ड ने बताया कि 8 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे उनका बेटा प्रभु लाल कीर, भरत मीणा, दीवान सिंह, नारायण लाल नायक और अर्जुन कीर चंदेरिया स्थित दाता श्री होटल पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान दीवान सिंह के पास लक्की चौहान का फोन आया और उसने पूछा कि वे लोग कहां हैं। दीवान सिंह ने बताया कि वे दाता श्री होटल पर खाना खा रहे हैं। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद लक्की चौहान, मोनू खान, गोल्डी खान, राहुल चौहान, अर्जुन सिंह भाटी, दिलीप सिंह भाटी और तीन-चार अन्य लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि उनके हाथों में लकड़ी और फाचरियां थीं और आते ही उन्होंने प्रभु लाल, दीवान सिंह और भरत मीणा के साथ मारपीट शुरू कर दी। सिर और शरीर पर आई चोटें, उदयपुर रेफर किया गया एफआईआर में बताया गया है कि हमले में प्रभु लाल कीर, दीवान सिंह और भरत मीणा के सिर तथा शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। घायलों को इलाज के लिए सांवलियाजी हॉस्पिटल चित्तौड़गढ़ ले जाया गया। प्रभु लाल की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार रात को उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद मामला और गंभीर हो गया। पुलिस ने पहले दर्ज प्रकरण में अब हत्या की धारा 302 जोड़ दी है। उदयपुर हॉस्पिटल में ही शनिवार को पोस्टमॉर्टम किया गया। मौत की सूचना के बाद चंदेरिया में लोगों का प्रदर्शन प्रभु लाल की मौत की जानकारी मिलते ही चंदेरिया में परिजन, रिश्तेदार और समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते चंदेरिया बाजार में भी इसका असर दिखाई दिया। लोगों ने दुकानें बंद करवा दीं और सड़क पर धरना शुरू कर दिया। धरने के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही थम गई और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। देखते ही देखते करीब एक-एक किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले। सड़क पर लोगों के बैठने के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थिति को देखते हुए चंदेरिया थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। कीर समाज ने रखी कार्रवाई और परिवार को सहायता देने की मांग कीर समाज के जिलाध्यक्ष किशन लाल कीर ने बताया कि समाज के युवक के साथ हमला हुआ, जिसमें उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और परिवार का सहारा छिन गया है, इसलिए परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और बच्चे की पढ़ाई की व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई। उन्होंने कहा कि सर्व समाज के लोग इस मामले में न्याय की मांग को लेकर एकत्र हुए हैं। पुलिस बोली- दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी ग्रामीण डीएसपी दिनेश सुखवाल ने बताया कि चंदेरिया से हाईवे की तरफ मारपीट की घटना हुई थी। घायल लोगों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया था, जिसमें एक घायल को उदयपुर रेफर किया गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया था और अब इसमें हत्या की धारा जोड़ दी गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें अलग-अलग स्थानों पर भेजी गई हैं। डीएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि खाना खाते समय दोनों पक्षों में बोलचाल हुई थी, जिसके बाद मारपीट हुई। मामले में करीब छह लोगों के नाम सामने आए हैं और जांच में जिन अन्य लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। समझाइश के बाद भी धरना जारी, पुलिस कर रही निगरानी प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस को ज्ञापन देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, धरना स्थल पर पुलिस बल तैनात है और अधिकारी लगातार लोगों से बातचीत कर रहे हैं। घटना के बाद चंदेरिया क्षेत्र में स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
Source link
मारपीट में घायल हुए युवक की उदयपुर में मौत:चंदेरिया में धरना और सड़क जाम; आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज, दो गिरफ्तार
