सोनीपत3 मिनट पहलेलेखक: राम सिंहमार
- कॉपी लिंक

वीडियो में दो युवक विजेता दहिया को धक्का मारते हुए दिख रहे हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के पूर्व प्रवक्ता विजेता दहिया के साथ दिल्ली के एक मॉल में धक्का-मुक्की और मारपीट का वीडियो सामने आया है। यह घटना 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान हुए हंगामे के बाद की बताई जा रही है। वीडियो में दो युवक विजेता दहिया को रोककर प्रेमानंद महाराज पर की गई उनकी टिप्पणी को लेकर सवाल पूछते नजर आते हैं। इस दौरान एक युवक यह भी कहता है कि “वहां स्टूडेंट मार खा रहे हैं और तू यहां घूम रहा है।”
विजेता दहिया हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं। 21 जुलाई को बर्गर खाने का वीडियो वायरल होने के बाद CJP ने उन्हें प्रवक्ता पद से हटा दिया था। दैनिक भास्कर से बातचीत में विजेता दहिया ने दोनों विवादों पर अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा, “मैं आज भी CJP का समर्थक हूं। अभिजीत दीपके (CJP फाउंडर) की भी कचौरी खाते हुए वीडियो वायरल हुई थी और उस समय मैंने ही उनका बचाव किया था।”
युवकों द्वारा आंदोलन से दूर रहने के आरोपों पर विजेता दहिया ने कहा- मैं लगातार 48 घंटे तक आंदोलन स्थल पर मौजूद रहा। आंदोलन के लिए मैंने अपना काम भी छोड़ दिया और बिना किसी व्यक्तिगत लाभ के आंदोलन का समर्थन किया।

विजेता ने उन युवकों से कहा कि मैं 48 घंटे से जंतर-मंतर पर था।
पहले जानिए मारपीट वाले वीडियो में क्या दिख रहा…
- ‘सागर पाराशर हिंदू’ अकाउंट से वीडियो पोस्ट: यह वीडियो सोशल मीडिया पर ‘सागर पाराशर हिंदू’ नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। इसी अकाउंट से प्रेमानंद महाराज के समर्थन और कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर भी लगातार पोस्ट और वीडियो साझा किए जा रहे हैं।
- मॉल में पहुंचे युवकों ने घेरा: वीडियो में विजेता दहिया एक मॉल में नजर आते हैं। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचते हैं और गाली-गलौज करते हुए सवाल पूछने लगते हैं। युवक उन्हें “कॉकरोच पार्टी” का बताते हुए कहते हैं कि रात के 12 बजे हैं और इसी दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की भी होती दिखाई देती है।
- ‘स्टूडेंट मार खा रहे हैं और तू यहां घूम रहा है’: वीडियो में दोनों युवक कहते हैं कि छात्र उनके कहने पर सड़कों पर लाठियां खा रहे हैं, जबकि वह यहां घूम रहे हैं। एक युवक पूछता है, “अब बता, तेरी ममता कहां गई?” वह आगे कहता है, “अगर तू उन्हें अपना मानता है तो वहां क्यों नहीं है?”
- विजेता बोले- मैं वहीं जा रहा हूं: युवकों के सवालों पर विजेता दहिया जवाब देते हैं, “मैं वहीं जा रहा हूं।” इस पर युवक बार-बार पूछते हैं कि “तू यहां क्या कर रहा है?” धक्का देते हुए एक युवक कहता है, “अगर वे तेरे अपने होते और तेरे अंदर ममता होती, तो तू यहां नहीं बल्कि प्रदर्शन में होता।”
- ‘तुमने मेरे भगवान को गाली दी’: वीडियो में एक युवक कहता है, “अगर मैं तुम्हारी मां को गाली दूंगा तो तुम्हें गुस्सा आएगा या नहीं?” इस पर विजेता दहिया जवाब देते हैं, “मैंने कोई गाली नहीं दी।” इसके बाद युवक कहता है, “तुमने मेरे भगवान को गाली दी।”
- ‘तुम्हारे कहने पर लोगों ने डंडे खाए’: युवक आगे कहते हैं, “तुम्हारे कहने पर लोगों ने डंडे खाए, वहां बच्चे बारिश में भीग रहे हैं और तुम यहां मॉल में एसी की हवा खा रहे हो।” वहीं दूसरा युवक कहता है, “सोनम वांगचुक तो नहीं हटे, मैं भी नहीं जाता, लेकिन विजेता बार-बार साइड हट रहा है।”
- ‘मैं 48 घंटे से वहीं था’: इन आरोपों पर विजेता दहिया कहते हैं, “मैं 48 घंटे से वहीं पर हूं।” हालांकि, युवक इसका विरोध करते हुए कहते हैं, “यह बंदा आज पूरा दिन गायब था। जिस दिन मुद्दे की बात आई, उसी दिन यह गायब हो गया।”

विजेता दहिया ने कार में बर्गर खाते हुए भी वीडियो बनाया था।
जानिए दोनों विवादों पर विजेता दहिया ने क्या कहा?
- टॉयलेट करने मॉल में रुका था: दैनिक भास्कर से बातचीत में विजेता दहिया ने बताया कि सोमवार रात जंतर-मंतर से लौटते समय मेरे साथ मारपीट हुई। मैं रास्ते में एक मॉल में टॉयलेट इस्तेमाल करने के लिए रुका था। इसी दौरान पहले एक युवक सामान्य तरीके से मुझसे बातचीत करने लगा, लेकिन कुछ देर बाद वह गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसके साथ मौजूद दूसरे युवक ने भी मेरे साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी
- प्रेमानंद का विरोध करने पर हमला हुआ: विजेता दहिया ने बताया कि मारपीट करने वाले युवक ने मुझसे कहा, “तूने प्रेमानंद को गाली दी है, वह हमारे पिता के समान हैं।” इस पर मैंने जवाब दिया, “अगर प्रेमानंद गलत बात करेंगे तो मैं उनका विरोध करूंगा। मैंने सिर्फ इतना कहा था कि अगर तुम उन्हें महाराज मानना चाहते हो तो मानो, लेकिन मैं उन्हें महाराज नहीं मानूंगा।”
- बर्गर विवाद पर भी दी सफाई: बर्गर खाने की वायरल वीडियो को लेकर विजेता दहिया ने कहा, “कचौरी खाने की वीडियो तो अभिजीत की भी आई थी और मैं खुद उसका बचाव करता रहा हूं। उस मामले में अभिजीत इन लोगों के सामने झुकता जा रहा है। जब भाजपा ने कचौरी खाने की वीडियो को खूब वायरल किया था, तब मैं ही उसका बचाव कर रहा था।”
- फिलहाल CJP का सदस्य हूं, समर्थन जारी रहेगा: अपने राजनीतिक रुख पर विजेता दहिया ने कहा कि फिलहाल मैं CJP का सदस्य हूं और व्यक्तिगत स्तर पर आंदोलन का समर्थन करता रहूंगा। मुझे अभिजीत और आशुतोष का फोन आया था, जिसमें मुझे पार्टी के प्रवक्ता पद से हटाए जाने की जानकारी दी गई।
- बिना नौकरी और पैसे के आंदोलन में काम किया: विजेता दहिया ने कहा कि मैं लगातार इस आंदोलन से जुड़ा रहा और बिना किसी नौकरी या आर्थिक लाभ के काम करता रहा। आंदोलन के कारण मैंने अपने कई ऐसे प्रोजेक्ट भी छोड़ दिए, जिनसे आय होती थी। यह एक अच्छा आंदोलन है और इसे मजबूत करने के लिए मैंने अपनी पूरी ताकत लगाई।
- सारा खर्च अपनी जेब से किया: विजेता दहिया ने दावा किया कि आंदोलन के दौरान अब तक का पूरा खर्च मैंने अपनी जेब से उठाया है। किसी से पैसे नहीं लिए। मारपीट को लेकर पुलिस को शिकायत देने का फायदा भी क्या है। पुलिस कोई कार्रवाई तो करती नहीं है।

विजेता दहिया ने यूट्यूबर ध्रुव राठी के साथ भी पांच साल काम किया है।-फाइल फोटो
अब जानिए दहिया ने प्रेमानंद महाराज पर क्या कहा था….
- मैं बॉडीबिल्डर नहीं, जो लोगों से लड़ूं: विजेता दहिया ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर प्रेमानंद महाराज को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था, “मनुवादियों, तुम आतंकी हो। 6 जून को भी तुम मेरे पीछे पड़े थे और आज भी दो लोगों ने मेरे साथ हाथापाई करने की कोशिश की। मैं लड़ाकू नहीं, सुरक्षा देना पुलिस का काम है। मैं कोई 6 फुट का बॉडीबिल्डर नहीं हूं, जो चार लोगों से लड़ सकूं। मुझे लड़ना पसंद नहीं है। हम लोकतांत्रिक देश में रहते हैं और लोगों की सुरक्षा करना पुलिस की जिम्मेदारी है।”
- प्रेमानंद महाराज और आसाराम का जिक्र किया: विजेता दहिया ने कहा कि मेरे लिए प्रेमानंद, “महाराज” नहीं हैं। प्रेमानंद ने आसाराम की तुलना भगवान राम और श्रीकृष्ण से की थी, जिसका मैंने विरोध किया। इसी वजह से मैं उन्हें महाराज नहीं मानता। तुम मुझे मार दो, जान से भी मार दो, लेकिन मैं प्रेमानंद को महाराज नहीं कहूंगा। यह मेरी फ्रीडम ऑफ स्पीच है। अगर तुम उन्हें भगवान मानते हो तो मानो, लेकिन मैं नहीं मानता।”
——————————–
ये खबर भी पढ़ें :-
कॉकरोच पार्टी ने विजेता दहिया को प्रवक्ता पद से हटाया:दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान बर्गर खाने पर विवाद हुआ; हरियाणा के रहने वाले
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने बर्गर विवाद में घिरे अपने प्रवक्ता विजेता दहिया को पद से हटा दिया है। पार्टी ने मंगलवार को X पर पोस्ट कर कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों और पार्टी की टीम पर पुलिस कार्रवाई के दौरान सामने आए विजेता दहिया के वीडियो बेहद असंवेदनशील हैं। पढ़ें पूरी खबर…

