Headlines

अंजड़-तलून के खाटूश्याम मंदिरों में दिनभर रही भीड़:योगिनी एकादशी पर भजन-कीर्तन चला, भक्तों को 51 हजार सिद्ध रुद्राक्ष बांटे




योगिनी एकादशी के मौके पर अंजड़ और तलून के बाबा खाटूश्याम मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। शुक्रवार को सुबह से लेकर देर रात तक हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए, पूजा-अर्चना की और भजन-कीर्तन का आनंद लिया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति के रंग में डूबा नजर आया। इस अवसर पर दोनों मंदिरों को बेहद खूबसूरत तरीके से सजाया गया था। रंग-बिरंगे फूलों, गहनों और सुंदर पोशाक से किया गया बाबा खाटूश्याम का श्रृंगार भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। आयोजन के दौरान तलून में खाटूश्याम जनकल्याण सेवा समिति की तरफ से भक्तों को 51 हजार सिद्ध रुद्राक्ष बांटे गए। श्रद्धालुओं ने इसे बाबा श्याम का प्रसाद मानकर बड़े चाव से ग्रहण किया। रुद्राक्ष लेने के लिए मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी-लंबी लाइनें लगी रहीं। पूरे दिन में करीब 25 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माथा टेका। सुबह 5 बजे से शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठान मंदिरों में सुबह 5 बजे से ही पूजा-पाठ के कार्यक्रम शुरू हो गए थे। पंडित बसन्त शर्मा ने विधि-विधान से बाबा श्याम के साथ-साथ मंदिर में मौजूद भगवान पशुपतिनाथ महादेव, सालासर बालाजी, श्रीराम दरबार और श्रीकृष्ण दरबार की विशेष पूजा कराई। इसके बाद इंदौर से खास तौर पर मंगवाए गए फूलों से सभी देवी-देवताओं का मनमोहक श्रृंगार किया गया। बाबा श्याम को सुंदर बागा, कानों में कुंडल, सिर पर चांदी का मुकुट और छत्र पहनाया गया। सुबह 7:30 बजे मंगला आरती के साथ आम भक्तों के लिए दर्शन शुरू हुए। सुबह 9 बजे के बाद से ही भीड़ तेजी से बढ़ने लगी और 11:30 बजे हुई भोग आरती में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पैदल निशान (ध्वज) लेकर मंदिर पहुंचे और बाबा को अर्पित कर सुख-समृद्धि की दुआ मांगी। महिलाओं ने भजन और नृत्य से बांधा समां पूरे दिन मंदिर में महिला भक्तों की खासी चहल-पहल रही। ढोल-मंजीरों की थाप पर नाचते-झूमते हुए महिलाओं ने बाबा श्याम के एक से बढ़कर एक भजन गाए और माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। यह सिलसिला दिनभर चलता रहा। शाम को 7 बजे हजारों भक्तों की मौजूदगी में भव्य संगीतमय महाआरती की गई। इसके बाद रात 9 बजे से स्थानीय भजन गायकों ने अपनी सुमधुर आवाज में देर रात तक श्याम भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिसमें भक्त झूमते नजर आए। भीड़ को संभालते हुए मंदिर समिति और स्वयंसेवकों ने दर्शन, प्रसाद और रुद्राक्ष वितरण की बेहतरीन व्यवस्था संभाली।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *