Headlines

चंडीगढ़ PU चुनाव,अंतिम उम्मीदवारों की सूची होगी जारी:आज नाम वापसी, 31 अगस्त को सुबह 9:30 बजे से मतदान, जिम्नेजियम हॉल में होगी मतगणना




चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल चुनाव 2026-27 की प्रक्रिया के तहत आज उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। स्वीकृत उम्मीदवारों की सूची जारी होगी। इसके बाद उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। अंतिम सूची छात्र कल्याण विभाग के कार्यालय को भेजी जाएगी और दोपहर बाद इसे प्रदर्शित कर दिया जाएगा। इसके साथ ही चुनाव मैदान में रहने वाले उम्मीदवारों की स्थिति साफ हो जाएगी। पंजाब यूनिवर्सिटी ने कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल चुनाव 2026-27 का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय की ओर से 20 अगस्त को जारी चुनाव बुलेटिन में छात्र संघ के पदाधिकारियों, विभागीय प्रतिनिधियों और कार्यकारी समिति के चुनाव की तारीखें तय की गई हैं। चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 24 अगस्त को नामांकन के साथ हुई। उम्मीदवारों ने सुबह 9:30 से 10:30 बजे तक नामांकन दाखिल किया। सुबह 10:35 बजे नामांकन पत्रों की जांच की गई और दोपहर 12 बजे संबंधित विभागों के नोटिस बोर्ड पर उम्मीदवारों की सूची प्रदर्शित की गई। दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक उम्मीदवारों की सूची पर आपत्तियां दर्ज कराने का समय दिया गया। इसके बाद प्राप्त आपत्तियों और उम्मीदवारों की अस्थायी सूची छात्र कल्याण विभाग को भेजी गई। विश्वविद्यालय ने निर्देश दिए हैं कि चुनाव प्रक्रिया में तारांकित निशान वाली गतिविधियों की जानकारी तय समय पर तुरंत छात्र कल्याण विभाग को भेजनी होगी। इन कार्यों को समयबद्ध और जरूरी बताया गया है। 31 अगस्त को सुबह 9:30 बजे से मतदान कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल चुनाव के लिए 31 अगस्त को सुबह 9:30 बजे से मतदान होगा। विभागों में मतदान पूरा होने के बाद पदाधिकारियों के चुनाव की मतपेटियां संबंधित ब्लॉक के भूतल स्थित रिटर्निंग अधिकारियों से एकत्र कर जिम्नेजियम हॉल स्थित स्टाफ/वार्डन हॉल में लाई जाएंगी। विभागीय प्रतिनिधियों के चुनाव से जुड़े परिणाम संबंधित विभागों में दोपहर 12 बजे से प्रदर्शित किए जाएंगे। जिम्नेजियम हॉल में होगी मतगणना 31 अगस्त को दोपहर 12 बजे से छात्र संघ के पदाधिकारियों के चुनाव के वोटों की गिनती जिम्नेजियम हॉल में होगी। इसी दौरान पदाधिकारियों के चुनाव का परिणाम घोषित किया जाएगा। विभागीय प्रतिनिधियों के चुनाव का परिणाम संबंधित विभागों की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत घोषित किया जाएगा। सभी विभागों के अध्यक्ष, निदेशक और समन्वयक विभागीय प्रतिनिधियों के परिणाम 8 सितंबर को दोपहर 12 बजे तक छात्र कल्याण विभाग के कार्यालय को भेजेंगे। 11 सितंबर को कार्यकारी समिति का चुनाव चुनाव प्रक्रिया का अंतिम महत्वपूर्ण चरण 11 सितंबर को होगा। इस दिन सुबह 11 बजे पंजाब यूनिवर्सिटी के प्राणी विज्ञान विभाग के सभागार में कार्यकारी समिति का चुनाव कराया जाएगा। इस चुनाव में केवल निर्वाचित विभागीय प्रतिनिधि और छात्र संघ के निर्वाचित पदाधिकारी ही शामिल हो सकेंगे। विश्वविद्यालय ने इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। छात्र कल्याण विभाग की ओर से सभी शिक्षण विभागों के अध्यक्षों, निदेशकों और समन्वयकों तथा छात्रावासों के वार्डनों को चुनाव कार्यक्रम की जानकारी भेज दी गई है। चुनाव से जुड़ी सूचनाएं संबंधित नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। नामांकन और आपत्तियों का चरण पूरा होने के बाद अब आज नाम वापसी और अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी होने का दिन है। इसके बाद 31 अगस्त को मतदान होगा और आगे विभागीय प्रतिनिधियों तथा कार्यकारी समिति के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *