अंबाला कैंट में कूड़े के ढ़ेर में मिला नवजात:जन्म के बाद कपड़े में लपेट कर फेंका; अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया




अंबाला कैंट की खटीक मंडी में रविवार (30 अगस्त) शाम करीब 5:30 बजे एक नवजात शिशु कूड़े के ढेर में मिला। स्थानीय निवासी सुनील उर्फ बीरू ने शिशु को देखा और तुरंत लोगों को इकट्ठा किया। नवजात को नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुनील उर्फ बीरू ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह गंदे नाले के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान इंदिरा कॉलोनी और वाल्मीकि धर्मशाला के पीछे कूड़े के ढेर में उन्हें कपड़े में लिपटा एक नवजात शिशु दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को मौके पर बुलाया और शिशु को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी एचबीसी (HBC) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने नवजात शिशु को पीसीआर (PCR-12) के जरिए तुरंत नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट पहुंचाया। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने नवजात को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को शिनाख्त और आगे की कार्रवाई के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है। शिकायतकर्ता सुनील के बयानों के आधार पर अंबाला कैंट थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 94 के तहत मुकदमा संख्या 366 दर्ज कर लिया गया है। यह मामला अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर रहे अनुसंधानकर्ता (जांच अधिकारी) पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नवजात को कूड़े के ढेर में किसने फेंका था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *