![]()
अंबाला कैंट के हाउसिंग बोर्ड में शुक्रवार को घरेलू कलह के चलते तीन बच्चों को लेकर पुलिस चौकी में शिकायत करने गई महिला के पति ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी के मुताबिक, पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था। शुक्रवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद महिला तीनों बच्चों को साथ लेकर पति की शिकायत करने पुलिस चौकी चली गई। करीब एक घंटे बाद जब वह घर लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़कर बेटी को अंदर भेजा गया तो 27 साल का बबलू चुन्नी से पंखे पर फंदा लगाकर लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कैंट नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुभाष पार्क के बाहर गुब्बारे बेचकर परिवार चलाता था बबलू जानकारी के अनुसार बबलू अपनी पत्नी सुमन और तीन बच्चों के साथ हाउसिंग बोर्ड में किराये के कमरे में रहता था। वह सुभाष पार्क के बाहर गुब्बारे बेचकर परिवार का खर्च चलाता था। उसकी शादी करीब 11 साल पहले हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। इनमें 10 साल की हिमांशी, 5 साल की शांति और 3 साल का अर्चित शामिल हैं। बबलू चार भाइयों में से एक था। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि बबलू मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था। हालांकि उसकी मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मामले में परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं। एक साल पहले भी फंदा लगाने की कोशिश की थी, तब बचा लिया था बबलू की पत्नी सुमन ने बताया कि करीब एक साल पहले भी पति ने शराब के नशे में फंदा लगाने की कोशिश की थी। उस समय परिवार के लोगों ने किसी तरह उसे बचा लिया था। इसके बाद उसे उम्मीद थी कि वह दोबारा ऐसा कदम नहीं उठाएगा। शुक्रवार को शराब के नशे में पति ने उसके साथ फिर मारपीट की। इसके बाद वह तीनों बच्चों को लेकर पुलिस चौकी में शिकायत करने चली गई। सुमन ने बताया कि उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसके पीछे पति फिर से फंदा लगा लेगा। करीब एक घंटे बाद घर लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खुलवाने की कोशिश की गई, लेकिन जब नहीं खुला तो उसे तोड़ा गया। अंदर बबलू पंखे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। तीन बच्चों की जिम्मेदारी को लेकर पत्नी परेशान पति की मौत के बाद सुमन के सामने तीन छोटे बच्चों की जिम्मेदारी आ गई है। पत्नी का कहना है कि पति की मौत के बाद अब तीनों बच्चों की परवरिश कैसे होगी, इसे लेकर वह परेशान है। परिवार के लोगों ने भी घटना के बाद घर में चल रहे विवाद और बच्चों की स्थिति को लेकर चिंता जताई है।
Source link
अंबाला में घरेलू विवाद में पति ने लगाया फंदा:3 बच्चों संग पति की शिकायत करने गई थी पत्नी, घर लौटी तो फंदे पर मिला
