![]()
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब उपमंडल में खंड विकास समिति (बीडीसी) अंब के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। कुठियाड़ी वार्ड से सदस्य शारदा देवी को बीडीसी अध्यक्ष और भटेड़ वार्ड से सदस्य राजेश कुमार को उपाध्यक्ष चुना गया है। यह चुनाव शनिवार को अंब पंचायत समिति हॉल में संपन्न हुआ। चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद क्षेत्रीय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष शारदा देवी और उपाध्यक्ष राजेश कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति में इस जीत से क्षेत्र के ग्रामीण विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के साथ अंब बाजार में एक विजयी जुलूस निकाला। दो बार हुआ था चुनाव स्थगित इस चुनाव को राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा था। इससे पहले दो बार गणपूर्ति या अन्य राजनीतिक कारणों से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का चुनाव नहीं हो पाया था, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज थीं। शनिवार सुबह से ही कांग्रेस और भाजपा दोनों प्रमुख दलों ने अपने-अपने पक्ष में 16-16 सदस्यों के समर्थन का दावा किया था। कांग्रेस को 15 तो भाजपा उम्मीदवार को मात सात मत मिले 22 सदस्यों वाली इस पंचायत समिति में अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में शारदा देवी ने बाजी मारी। उन्हें कुल 15 सदस्यों का समर्थन प्राप्त हुआ, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी एवं भाजपा समर्थित स्तोथर वार्ड की प्रत्याशी निर्मला देवी को केवल सात मत मिले। इस प्रकार, शारदा देवी ने आठ मतों के अंतर से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। छह वोट से जीते उपाध्यक्ष उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भटेड़ वार्ड के राजेश कुमार को 14 मत हासिल हुए। वहीं, भाजपा समर्थित नैहरी नौरंगा वार्ड के प्रत्याशी रमन राजन को आठ सदस्यों का वोट मिला। इन परिणामों के साथ ही कांग्रेस समर्थित गुट ने उपाध्यक्ष पद पर भी अपना कब्जा जमा लिया।
Source link
अंब बीडीसी चुनाव में कांग्रेस की जीत:अध्यक्ष पर शारदा देवी को 15 तो भाजपा प्रत्याशी को 7 वोट मिले, उपाध्यक्ष पर 6 मतों से जीते राजेश
