![]()
मधुबनी, 1 अक्टूबर। जिले के अरेर थाना क्षेत्र में बुधवार की रात करीब 11 बजे अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल मधुबनी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने पुरवारी टोल निवासी राजेंद्र सदाय के 30 वर्षीय पुत्र उमेश सदाय को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल रामजीवन सदाय के पुत्र कृष्ण सदाय का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच, दरभंगा रेफर कर दिया गया। घटना के बाद मृतक उमेश सदाय के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी लाया गया। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर मौजूद मृतक के रिश्तेदार रामचंद्र सदाय ने बताया कि उमेश सदाय और कृष्ण सदाय बुधवार की रात इंद्र पूजा का मेला देखने गए थे। पाना मोड़ के पास हादसा मेला देखने के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अरेर थाना क्षेत्र के पाना मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रामचंद्र सदाय ने बताया कि उमेश सदाय और कृष्ण सदाय मजदूरी का काम करते थे। हादसे में उमेश की मौत से उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो लड़कियां और एक लड़का शामिल हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, सदर अस्पताल मधुबनी के पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर मौजूद अरेर थाना के चौकीदार असेश्वर यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद अरेर थाना पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। पुलिस ने घटना के कारणों की जानकारी जुटाने के साथ अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
Source link
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत:मधुबनी में एक घायल डीएमसीएच रेफर, इंद्र पूजा से लौट रहे थे
