Headlines

अमृतसर में ट्रांसफॉर्मरों से तेल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा:नंबरदार की सूचना पर दुकान पर रेड, 1500 लीटर से ज्यादा तेल बरामद; दो हिरासत में




पंजाब के अजनाला में पुलिस ने ट्रांसफॉर्मरों से तेल चोरी करने वाले गिरोह पर कार्रवाई की है। एक नंबरदार की सूचना पर पुलिस ने एक दुकान और उसके परिसर में रेड की। मौके से बड़ी मात्रा में तेल बरामद हुआ और दुकान संचालक समेत 2 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस अब पता लगा रही है कि यह तेल कहां से आया और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच में परिसर के अंदर ड्रमों, कनस्तरों और दूसरे कंटेनरों में तेल भरा मिला। ग्रामीणों का दावा है कि 1500 से 1600 लीटर तेल जमा था। ग्रामीणों ने बताया कि एक वाहन से तेल रिसकर सड़क पर गिर रहा था, जिसके निशानों का पीछा करते हुए वे इस जगह तक पहुंचे। इलाके में लंबे समय से ट्रांसफॉर्मरों से तेल चोरी हो रहा है, जिससे खेतों की सिंचाई पर असर पड़ता है और किसानों को आर्थिक नुकसान होता है। दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही पुलिस पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है ताकि इस मामले से जुड़े अन्य लोगों का पता चल सके। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई करने और चोरी के कारण हुए नुकसान की भरपाई करवाने की मांग की है। उन्होंने यह भी मांग की कि मामले में इस्तेमाल किए गए वाहनों और अन्य सामान की जांच की जाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *