Headlines

अम्बेडकरनगर में ओपी राजभर ने जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना:खस्ताहाल सड़कों और विकास कार्यों पर उठाए सवाल




कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर शुक्रवार को अम्बेडकरनगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों का बखान करने के साथ ही क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों और विकास कार्यों को लेकर सांसदों व विधायकों पर निशाना साधा। राजभर ने जलालपुर क्षेत्र में सड़कों की बदहाली का जिक्र करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि पूरे कार्यकाल में जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए। उन्होंने टिप्पणी की कि चुनाव जीतने के बाद नेता पांच साल तक नजर नहीं आते। मंत्री राजभर ने कहा कि यदि सांसद और विधायक अपने क्षेत्रों का नियमित दौरा करें तो उन्हें जनता की वास्तविक समस्याओं की जानकारी होगी और उनका समाधान भी सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने ग्रामीण इलाकों की सड़कों की खराब हालत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई जगहों पर साइकिल चलाना भी मुश्किल है। इस दौरान ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया कि एनडीए पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में है और आगामी चुनाव में दोबारा सरकार बनाएगा। उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अब योजनाओं का पैसा सीधे पात्र लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि पेंशन, किसान सम्मान निधि और आवास जैसी योजनाओं में बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो गई है, जिससे गरीबों को सीधा लाभ मिल रहा है। राजभर ने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले 500 रुपये की पेंशन में बिचौलियों द्वारा हिस्सा लिए जाने की शिकायतें आती थीं, लेकिन अब पेंशन बढ़ाकर एक हजार रुपये कर दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि किसान सम्मान निधि की छह हजार रुपये की राशि भी सीधे किसानों के खाते में भेजी जा रही है। सरकार का लक्ष्य हर जरूरतमंद परिवार को छत, शौचालय, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *