Headlines

अयोध्या में चेहल्लुम पर निकला मातमी जुलूस:इमाम हुसैन की शहादत को किया याद, अमारी, दुलदुल और अलम की जियारत; कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ आयोजन




अयोध्या शहर मंगलवार को गम और अकीदत के माहौल में नजर आई। मुस्लिम समुदाय ने हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में चेहल्लुम मनाया। इस अवसर पर चौक घंटाघर से पारंपरिक मातमी जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस के दौरान अमारी, दुलदुल और अलम की जियारत की गई तथा लोगों ने फूल और हार अर्पित कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। मौलाना मोहम्मद कैफी ने बताया कि चेहल्लुम हजरत इमाम हुसैन की शहादत के 40वें दिन मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि कर्बला की जंग में पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के नवासे इमाम हुसैन अपने 72 साथियों के साथ शहीद हुए थे। उनकी कुर्बानी इंसानियत, न्याय और सत्य के लिए संघर्ष की मिसाल मानी जाती है। पारंपरिक मार्ग से गुजरा जुलूस मातमी जुलूस चौक घंटाघर से शुरू होकर बजाजा, सुभाष नगर और फतेहगंज होते हुए मकबरा पहुंचा। यहां मजलिस का आयोजन किया गया, जहां इमाम हुसैन की शहादत और उनके संदेश पर रोशनी डाली गई। इसके बाद जुलूस का शांतिपूर्ण समापन हुआ। सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद चेहल्लुम के मद्देनजर पूरे जुलूस मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी और नगर कोतवाल मनोज शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन की सतर्कता और लोगों के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *