Headlines

घर से 200 मीटर दूर मिला युवक का शव:ठेले के पास मिला खून और मांस का टुकड़ा; हाथ पर गहरे घाव से मौत की आशंका




ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित सिंधिया नगर में मंगलवार सुबह एक युवक का शव उसके घर से करीब 200 मीटर दूर मंदिर के बाहर खून से लथपथ हालत में मिला। युवक के हाथ पर गहरा घाव था और घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद मर्ग कायम कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय आशीष पुत्र नरेश बाथम के रूप में हुई है। वह सिटी सेंटर क्षेत्र में पानी की टिक्की का ठेला लगाता था। पुलिस के अनुसार, उसके शरीर पर अन्य कोई चोट नहीं मिली, जबकि हाथ पर गहरा घाव था। प्रारंभिक जांच में अत्यधिक रक्तस्राव से मौत की आशंका जताई गई है। हालांकि यह घाव किसी ने पहुंचाया या किसी अन्य कारण से हुआ, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। सोमवार रात से था लापता परिजन ने बताया कि आशीष सोमवार रात करीब नौ बजे घर से निकला था। उस समय वह शराब के नशे में था। घर के पास जंगल का क्षेत्र भी है। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने उसका शव मंदिर के गेट के बाहर पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआती जांच में पुलिस का मानना है कि अत्यधिक खून बहने से उसकी मौत हुई है, जबकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा घायल हालत में करीब 20 कदम चला जांच के दौरान पुलिस को आशीष के ठेले पर उसके हाथ का मांस का टुकड़ा मिला। वहीं उसका शव ठेले से करीब 20 कदम दूर मंदिर के गेट के पास पड़ा था। घटनास्थल से लेकर मंदिर तक खून के निशान मिले हैं। फोरेंसिक विशेषज्ञ कोकसिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया घटना का मुख्य स्थल ठेला ही प्रतीत होता है। वहीं सबसे अधिक खून और मांस के छोटे-छोटे टुकड़े मिले हैं। अनुमान है कि घायल होने के बाद आशीष करीब 20 कदम चलकर मंदिर के गेट तक पहुंचा, कुछ देर वहां बैठा और फिर उसकी मौत हो गई। हत्या या हादसा, पुलिस कर रही जांच विश्वविद्यालय थाना प्रभारी रवीन्द्र कुमार ने बताया- पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। युवक के हाथ पर गहरा घाव कैसे आया, वह आखिरी बार किसके साथ देखा गया था और घटना के पीछे हत्या है या हादसा, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *