Headlines

अरावली संरक्षण की कमेटी को उदयपुर में दे सकते सुझाव:मेवाड़-वागड़ की बेटियों के लिए शिक्षा की पहल, 8 नए पटवारी मिले




अरावली पर्वतमाला से जुड़े पर्यावरणीय, पारिस्थितिक और खनन संबंधी विषयों के परीक्षण के लिए गठित सुप्रीम कोर्ट की उच्च स्तरीय समिति की बैठक के समय में बदलाव किया गया है। पहले बैठक 10 अगस्त को दोपहर 3 बजे प्रस्तावित थी, लेकिन अब यह सुबह 10 बजे जिला परिषद सभागार में होगी। बैठक में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पंचायती राज संस्थाओं, उद्योग एवं व्यापार संगठनों, खनिज पट्टाधारकों, पर्यावरणविदों, शिक्षाविदों, विषय विशेषज्ञों, स्वयंसेवी संस्थाओं सहित सभी संबंधित हितधारकों को सुझाव और अभिमत रखने का अवसर मिलेगा। समिति इन सुझावों और व्यावहारिक अनुभवों का परीक्षण कर अपनी अनुशंसाओं में शामिल करने पर विचार करेगी। उदयपुर खनन अभियंता आरिफ अंसारी ने बताया कि समिति अरावली से जुड़े पर्यावरणीय, पारिस्थितिक और खनन संबंधी विषयों का व्यापक परीक्षण कर आवश्यक अनुशंसाएं तैयार कर रही है। इसी क्रम में उदयपुर में सार्वजनिक परामर्श आयोजित किया जा रहा है। उदयपुर को मिले 8 नए पटवारी राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर की पटवारी प्रतियोगी परीक्षा-2025 में अंतिम रूप से चयनित 8 अभ्यर्थियों को उदयपुर जिले में पटवारी पद पर नियुक्ति दी गई है। जिला कलक्टर (भू-अभिलेख) की ओर से चयनित अभ्यर्थियों को दो वर्ष की अवधि के लिए परिवीक्षाधीन प्रशिक्षु के रूप में अस्थायी नियुक्ति दी गई है। नवनियुक्त पटवारियों को सोमवार 10 अगस्त से जिला कलेक्टर कार्यालय के भू-अभिलेख अनुभाग में कार्यभार ग्रहण करना होगा। इनमें गैर अनुसूचित क्षेत्र यानी नॉन-टीएसपी के 3 और अनुसूचित क्षेत्र यानी टीएसपी के 5 अभ्यर्थी शामिल हैं। नॉन-टीएसपी क्षेत्र में बिशन लाल परसोया, यशपाल गुर्जर और पीयूष गोचर का चयन हुआ है। वहीं टीएसपी क्षेत्र में भावेश कुमार, जितेन्द्र मीणा, ध्रुव रावल, शोभा लाल भट्ट और रितिक राज सिंह चुंडावत को नियुक्ति मिली है। मेवाड़-वागड़ की बेटियों के लिए शिक्षा की पहल विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष्य में उदयपुर ग्रामीण क्षेत्र में डॉ. दिव्यानी कटारा के नेतृत्व में सामाजिक पहल आयोजित की गई। इस दौरान वागड़, मेवाड़ और आसपास के आदिवासी क्षेत्रों से आई बालिकाओं को स्टेशनरी किट वितरित की गई। पहल का उद्देश्य आदिवासी समाज की बेटियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और पढ़ाई के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना रहा। सामाजिक सरोकार और जनजागरूकता की पहल के रूप में आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं से संवाद कर उन्हें नियमित अध्ययन, उच्च शिक्षा और अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। डॉ. दिव्यानी कटारा ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस अस्मिता, पहचान, संस्कृति और हक-अधिकारों को सम्मान के साथ याद करने का दिन है। आदिवासी समाज की हर बेटी के शिक्षित होने से समाज की ताकत बढ़ेगी। शिक्षा बेटियों को अपने अधिकार समझने, आत्मनिर्भर बनने और समाज का नेतृत्व करने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि वागड़ और मेवाड़ की बेटियों में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन देने की है। नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाई पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मावली (उदयपुर) में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 अगस्त कर दी गई है। विद्यालय के प्राचार्य घनश्याम मीना ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय की वेबसाइट पर जाकर नि:शुल्क आवेदन कर सकते हैं। पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए आवेदन में संशोधन की सुविधा 11 और 12 अगस्त को उपलब्ध रहेगी। इस दौरान अभ्यर्थी लिंग, श्रेणी, क्षेत्र, दिव्यांगता और परीक्षा के माध्यम सहित अन्य संबंधित विवरणों में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *