![]()
अलीगढ़ के छर्रा में शनिवार रात गल्ला व्यापारी से 14 लाख रुपए और बाइक लूटने का मामला सामने आया है। व्यापारी महेश कुमार मंडी से दुकान बंद करके अपने गांव परौरा लौट रहे थे। आरोप है कि छर्रा-पनेठी रोड पर बाइकला गांव के पास दो बाइकों से आए पांच नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर उन्हें रोक लिया और बाइक पर टंगा नकदी व दस्तावेजों वाला बैग लेकर फरार हो गए। व्यापारी के बेटे ने बदमाशों का करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन रास्ते में बाइक फिसलने से वह गिर पड़ा। एसएसपी नीरज जादौन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती सूचना और बाद में सामने आई लूट की रकम के अंतर समेत कई बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
दुकान बंद कर गांव लौट रहे व्यापारी को घेरने का आरोप
एसपी देहात मनीष मिश्रा के अनुसार बरला क्षेत्र के गांव परौरा निवासी महेश कुमार की छर्रा की गल्ला मंडी में आढ़त है। शनिवार रात करीब सवा आठ बजे वह दुकान बंद करके अपनी स्प्लेंडर बाइक से गांव लौट रहे थे। छर्रा कस्बा पार करने के बाद छर्रा-पनेठी रोड पर गांव बाइकला के आसपास दो बाइकों पर सवार पांच नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। महेश कुमार के मुताबिक, बदमाशों ने हथियारों के बल पर उनकी बाइक छीन ली। बाइक पर टंगे बैग में 14 लाख रुपये नकद और कारोबार से संबंधित दस्तावेज रखे थे। घटना रात करीब साढ़े आठ से पौने नौ बजे के बीच की बताई गई है। बेटे ने किया पीछा, कंकड़ पर फिसली बाइक महेश कुमार ने घटना के बाद गांव में मौजूद अपने बेटे सनी को फोन कर जानकारी दी। सनी ने डायल 112 पर सूचना दी और घटनास्थल की ओर निकल पड़ा। उसके मुताबिक, रास्ते में घटनास्थल से करीब ढाई किलोमीटर आगे उसे पिता की बाइक लेकर जाते बदमाश दिखाई दिए। उसने अपनी बाइक से उनका पीछा किया और करीब दो किलोमीटर तक उनके पीछे रहा। इसी दौरान उसकी बाइक के आगे कंकड़ आ गया, जिससे वह फिसलकर गिर पड़ा। उसे चोट नहीं आई, लेकिन बदमाश आगे निकल गए और उसकी नजरों से ओझल हो गए। मंडी से ही पीछे लगे थे बदमाश या रास्ते में की रेकी? पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि बदमाश व्यापारी के पीछे गल्ला मंडी से ही लगे थे या रास्ते में उनकी रेकी की गई थी। छर्रा की गल्ला मंडी कस्बे से अतरौली रोड पर करीब आधा से एक किलोमीटर बाहर है। व्यापारी को गांव परौरा जाने के लिए कस्बा पार कर पनेठी रोड की ओर बढ़ना पड़ता है। घटनास्थल कस्बे से करीब ढाई से तीन किलोमीटर दूर सुनसान इलाके में है।
पुलिस मंडी से लेकर छर्रा कस्बे और घटनास्थल तक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पनेठी की ओर जाने वाले रास्तों पर भी बदमाशों की तलाश की जा रही है। एसओजी और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया है। मौके पर मिली चप्पल समेत अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। एसपी देहात मनीष कुमार मिश्रा घटनास्थल पर कैंप कर जांच की निगरानी कर रहे हैं। मोबाइल क्यों नहीं लूटा, जांच के बाद साफ होगी तस्वीर एसएसपी नीरज जादौन भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शुरुआती सूचना में केवल बाइक लूटने की बात बताई गई थी। बाद में मौके पर पहुंचने पर बाइक पर 14 लाख रुपये से भरा बैग होने की जानकारी दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि यदि बदमाश बाइक और नकदी लूटकर ले गए तो व्यापारी का मोबाइल क्यों नहीं लूटा गया, यह भी जांच का विषय है। इन बिंदुओं के चलते पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। एसपी देहात के मुताबिक, खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। एसएसपी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। -घटना की सूचना बाइक लूट के रूप में मिली थी। बाद में 14 लाख भी जाना बताया गया। मगर मोबाइल नहीं गया। घटना को सभी पहलुओं से देखा जा रहा है। -नीरज जादौन, SSP
Source link
अलीगढ़ में गल्ला व्यापारी से 14 लाख की लूट:5 नकाबपोश बदमाशों ने घेरा; बेटे ने 2km पीछा किया, कंकड़ पर फिसलकर गिरा
