![]()
विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिलेभर में जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। जिला परिषद के सीईओ बिरदी चंद गंगवाल ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को गतिविधियों की समयबद्ध तैयारियां पूरी करने और अधिकाधिक आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 17 सितंबर को घरों में जलेंगे दीप अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। नव लाभान्वित परिवारों सहित अन्य परिवारों की ओर से शाम 7 बजे घरों पर दीप जलाए जाएंगे। संबंधित विभाग योजनाओं के लाभार्थियों के घरों और ग्राम एवं शहरी क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्वलन और सामूहिक मंगलकामना करेंगे। इसी दिन रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे। स्कूलों में चित्रकला, भाषण और निबंध प्रतियोगिता ‘मेरे सपनों का भारत-विकसित भारत’ गतिविधि के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक राजकीय एवं निजी स्कूलों में ‘भारत/विकसित राजस्थान’ विषय पर चित्रकला, भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं होंगी। गांव और शहरों में बनेंगी सेवा गतिविधियों की रील ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 18 से 25 सितंबर और शहरी क्षेत्रों में 22 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ग्राम, शहरी वार्ड और निकाय स्तर पर सेवा एवं जनकल्याण से जुड़ी अच्छी और प्रेरणादायी गतिविधियों की वीडियो रील तैयार कर उनका प्रचार-प्रसार किया जाएगा। ‘सेवा की कहानी’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सरकारी योजनाओं से लाभान्वित व्यक्तियों और परिवारों की प्रेरणादायी कहानियों की रील, वीडियो और फोटो तैयार कर अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित की जाएंगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों का होगा अभिनंदन ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत 25 से 27 सितंबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर मिलन कार्यक्रम होंगे। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा। 7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का आयोजन 7 अक्टूबर को होगा। इसमें स्कूली विद्यार्थी विकसित भारत के संकल्प से जुड़े स्लोगन वाले पोस्टर लेकर रैली निकालेंगे। 2 अक्टूबर को स्वच्छता और सामुदायिक सेवा ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 2 अक्टूबर को प्रत्येक ग्राम, ग्राम पंचायत और नगरीय वार्ड/निकाय में जनभागीदारी से स्वच्छता और सामुदायिक सेवा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। शिविरों में योजनाओं की जानकारी, पात्रों के आवेदन ‘सेवा सेतु अभियान’ ग्रामीण क्षेत्रों में 19 से 25 सितंबर और शहरी क्षेत्रों में 8 से 16 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत पंचायत समितियों और नगरीय निकायों में शिविर लगाए जाएंगे। इनमें केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों की पहचान, आवेदन और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने से जुड़ी कार्रवाई की जाएगी। रंगोलियों से दिखाए जाएंगे राष्ट्रीय प्रतीक और विभागीय गतिविधियां ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ गतिविधि 24 सितंबर और 11 अक्टूबर को होगी। इसके तहत जिले के सार्वजनिक स्थानों पर विभिन्न विभागों से जुड़ी गतिविधियों और राष्ट्रीय प्रतीकों पर आधारित रंगोलियों का प्रदर्शन किया जाएगा। युवाओं के लिए इनोवेशन चैलेंज ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत 1 से 15 अक्टूबर तक क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान में युवाओं की भागीदारी और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिताएं और अन्य गतिविधियां होंगी। इसके अलावा ‘सुशासन सेवा संवाद’ के तहत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संभाग और जिला स्तर पर जनप्रतिनिधियों तथा आमजन के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Source link
आज से जिले में जनसेवा अभियान शुरू:पंचायतों में लगेंगे सेवा शिविर, 17 अक्टूबर को होगा समापन
