![]()
पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के लिए मंगलवार को बुरहानपुर के ग्राम इच्छापुर स्थित मां इच्छादेवी पहाड़ी पर 25 हजार पलाश के बीजों का वृहद बीजारोपण अभियान चलाया गया। यह अभियान डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर तहसीलदार जितेंद्र अलावा, विजय सोलंकी, डीपीसी विजय तुलस्कर, गायत्री परिवार के संजय राठौड़ और पटवारी राजेंद्र पाटिल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सूर्यपंज एजुकेशनल एकेडमी शाहपुर के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और इच्छापुर के ग्रामवासियों ने भी इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया। डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार ने इस प्रयास को प्रकृति को हरित चुनर ओढ़ाने का सार्थक कदम बताया। उन्होंने कहा कि पलाश के वृक्षों का पर्यावरणीय और सांस्कृतिक महत्व बहुत अधिक है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी सुरक्षा करने का आह्वान किया। डीपीसी विजय तुलस्कर ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन का संकल्प दिलाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज बोया गया एक बीज आने वाले वर्षों में हजारों लोगों को छाया, शुद्ध वायु और प्रकृति का अमूल्य उपहार प्रदान करेगा। गायत्री परिवार के संजय राठौड़ ने जानकारी दी कि ‘वृक्ष गंगा अभियान’ के तहत आगामी दिनों में ग्राम लिमपड़ाव की पहाड़ी पर भी बड़े स्तर पर पलाश बीजारोपण किया जाएगा।
Source link
इच्छादेवी पहाड़ी पर 25 हजार पलाश बीजों का बीजारोपण:डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, विद्यार्थियों ने लिया हरित भविष्य का संकल्प
