![]()
उमरिया जिले में धान रोपाई के मौसम के बीच किसानों को खाद की कमी का सामना करना पड़ रहा है। मानपुर विकासखंड की सेवा सहकारी समिति मर्यादित चिल्हारी में पिछले एक सप्ताह से ई-टोकन बुकिंग बंद है, जिसके कारण किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। समिति में एनपीके और यूरिया का पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद टोकन जारी नहीं हो रहे हैं। किसान ओमकार प्रसाद मिश्रा ने बताया कि उनकी धान की नर्सरी पूरी तरह तैयार है, लेकिन पिछले एक सप्ताह से वे ई-टोकन के लिए समिति के चक्कर लगा रहे हैं। टोकन बुकिंग बंद होने के कारण उन्हें खाद नहीं मिल पा रही है, जबकि समिति में खाद उपलब्ध है। इस संबंध में उप संचालक कृषि संग्राम सिंह ने बताया कि समिति का प्रबंधक अवकाश पर है और ई-टोकन बुकिंग की आईडी उसी के पास होने के कारण समस्या आ रही है। उन्होंने कहा कि प्रबंधक से बात कर जल्द से जल्द ई-टोकन बुकिंग शुरू कराई जाएगी, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके। उन्होंने इस मामले को सहकारिता विभाग से जुड़ा बताया और एआर सहकारिता से संपर्क करने की बात कही। वहीं, एआर सहकारिता अभय सिंह से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। किसानों का कहना है कि रोपाई के इस महत्वपूर्ण समय में यदि ई-टोकन व्यवस्था शीघ्र बहाल नहीं हुई, तो उनकी खेती का काम बुरी तरह प्रभावित हो सकता है।
Source link
ई-टोकन बुकिंग बंद, नहीं मिल रहा खाद:उमरिया में किसान बोले- एक सप्ताह से लगा रहे समिति के चक्कर, अफसर बोले- जल्द मिलेगा
