![]()
उकलाना नगर पालिका कर्मचारियों का करीब एक माह से चल रहा आंदोलन अब राजनीतिक रूप लेने लगा है। आंदोलन के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने को लेकर कांग्रेस नेता महेंद्र शीला ने कर्मचारियों का समर्थन करते हुए भाजपा नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं होने और सफाई व्यवस्था बहाल न होने की स्थिति में शहरवासियों को विरोध दर्ज करवाना चाहिए। महेंद्र शीला ने कहा कि नगर पालिका कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन की ओर से उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय मामले को लंबा खींचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के आंदोलन का सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ रहा है। जगह-जगह कचरा जमा होने के कारण शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा नेताओं के घर के सामने कचरा डालने का आह्वान शीला ने कहा कि यदि नगर पालिका कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया जाता और शहर की सफाई व्यवस्था जल्द बहाल नहीं होती तो शहरवासी भाजपा नेता श्रीनिवास गोयल और अनूप के घर के सामने कचरा डालकर अपना विरोध दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोगों को शहर की मौजूदा स्थिति पर ध्यान देते हुए कर्मचारियों की मांगों का समाधान करवाने के लिए आगे आना चाहिए। महेंद्र शीला के इस बयान के बाद नगर पालिका कर्मचारियों के आंदोलन और शहर की बिगड़ी सफाई व्यवस्था को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने के आसार हैं।
Source link
उकलाना में कांग्रेस नेता ने साधा भाजपा पर निशाना:नगर पालिका कर्मचारियों का समर्थन, बोले- मांगे न मानी तो घर के सामने डालें कचरा
