Headlines

उत्तर-छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश, कई इलाकों में जलभराव:अंबिकापुर के पॉश कॉलोनी और नीचले इलाकों में भरा पानी, नदी-नाले उफान पर




उत्तर छत्तीसगढ़ में लगातार 4 दिनों से हो रही बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद अंबिकापुर के पॉश कॉलोनी कुंडला वसुंधरा में पानी भर गया। वहीं कई नीचले इलाकों के घरों में पानी घुस गया है। सरगुजा में लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। मैनपाट का पहाड़ पांच दिनों से बादलों से घिरा हुआ है। कई इलाकों में बारिश के कारण सड़कों में पानी भर गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। सरगुजा संभाग में मानसून अगस्त महीने से मेहरबान है। इस साल अगस्त महीने में रिकार्ड बारिश हुई है। पिछले चार दिनों से संभाग के अधिकांश इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। सरगुजा और बलरामपुर जिलों में बीती रात अच्छी बारिश हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अंबिकापुर में पिछले 24 घंट में 34 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई है। पॉश कालोनी और नीचले इलाकों में भरा पानी बारिश के कारण अंबिकापुर के कुंडला वसुंधरा कॉलोनी में बारिश का पानी भर गया। सड़कें लबालब हो गईं और कई घरों में पानी घुस गया है। पिछले साल कुंडला वसुंधरा कॉलोनी में करीब दो फुट से ज्यादा पानी भर गया था। इस साल पानी निकासी के लिए ड्रेनेज को दुरूस्त किया गया है। इसके बाद भी कॉलोनी में पानी भर गया है। जिससे यहां के रहवासी परेशान हैं। वहीं, अंबिकापुर के चांदनी चौक के नीचे घुटरा पारा में रात को कई घरों में पानी भर गया। यहां घरों में घुटने भर पानी भर जाने से लोग परेशान रहे। सुबह बारिश बंद होने के बाद लोग घरों से पानी निकालते देखे गए। यहां के बच्चे सुबह स्कूल भी नहीं जा सके। लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में सड़कें लबालब हो गईं। जिससे लोगों को परेशान होना पड़ा। मैनपाट बादलों से घिरा, नदी-नाले उफान पर सरगुजा के मैनपाट का इलाका 5 दिनों से बादलों से घिरा हुआ है। लगातार बारिश की फुहार पड़ रही है। रिमझिम बारिश के बीच मैनपाट का मौसम सुहाना बना हुआ है। मैनपाट इलाके में भी इस साल रिकार्ड बारिश हुई है। सरगुजा के कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। सरगुजा में घुनघुट्टा डैम के लबालब होने के बाद फिर से डैम के चार गेट खोले गए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *