![]()
सीकर-नीमकाथाना स्टेट हाईवे पर छापोली के पास मंगलवार शाम श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चार महिलाएं और तीन बच्चे घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल चार महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद सीकर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, खंडेला के श्रद्धालु किराए का टेंपो लेकर छापोली स्थित कदंब कुंड में स्नान करने जा रहे थे। गिरावड़ी मोड़ के पास तेज रफ्तार टेंपो अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर तेज धमाका और चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। टेंपो के आगे बाइक से चल रहे श्रद्धालुओं के परिजन भी दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार दुर्घटना के तुरंत बाद टेंपो ड्राइवर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना 108 एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुरवाटी पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर एएसआई जाकिर हुसैन भी मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। चार महिलाओं को गंभीर हालत में सीकर भेजा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. अरुण शर्मा और मेडिकल टीम ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल पूजा (32) पत्नी विक्की कुमार, अनीता (40) पत्नी पप्पू लाल, सुशीला (42) पत्नी बनारसी लाल और मुस्कान (20) पुत्री भंवरलाल, सभी निवासी खंडेला, को बेहतर उपचार के लिए सीकर रेफर किया गया। तीनों घायल बच्चों का प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद उनकी हालत सामान्य होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। परिजनों के साथ कदंब कुंड जा रहे थे श्रद्धालु परिजन विशाल ने बताया कि श्रद्धालुओं ने छापोली के कदंब कुंड में स्नान के लिए किराए का टेंपो लिया था। हादसे के समय टेंपो में श्रद्धालु सवार थे। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
Source link
उदयपुरवाटी में श्रद्धालुओं से भरा टेंपो पलटा:तीन बच्चों समेत सात घायल, चार गंभीर हालत में सीकर रेफर; कदंब कुंड में स्नान के लिए जा रहे थे
