उधारी नहीं चुकाई तो बीच सड़क पर कपड़े उताकर पीटा:नर्मदापुरम में 1500 रुपए लेने मारपीट की, VIDEO; एक साल पहले लिए थे पैसे




नर्मदापुर में मंगलवार को शहर की एसपीएम पुलिया के पास 1500 रुपए के उधारी विवाद में एक युवक को अर्धनग्न कर डंडों से बेरहमी से पीट दिया गया। हमले में युवक के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। लहूलुहान हालत में उसे 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक घटना मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे संजय नगर मेन रोड स्थित एसपीएम पुलिया के पास हुई। घायल युवक की पहचान शुभम खंडारे (25) निवासी एसपीएम पुलिया, ग्वालटोली के रूप में हुई है। मामले में रोहित बाबरिया और विजय रैकवार, दोनों निवासी ग्वालटोली, को आरोपी बनाया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि शुभम ने करीब एक वर्ष पहले आरोपियों से 1500 रुपए उधार लिए थे। वह लंबे समय से भोपाल में रह रहा था और दो दिन पहले ही नर्मदापुरम लौटा था। मंगलवार को आरोपियों ने उससे उधार के रुपए वापस मांगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दोनों युवकों ने शुभम को अर्धनग्न कर डंडों से बेरहमी से पीटा। मारपीट के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *