Headlines

उन्नाव में तिरंगा रैली में विवाद:साइड मांगने पर दो युवकों को लोहे की रॉड से पीटा, पीड़ित बोले- पुलिस ने हमारी नहीं सुनी




उन्नाव शहर में रविवार रात तिरंगा रैली के दौरान रास्ता मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि रैली में शामिल कुछ लोगों ने दो युवकों प्रिंस सिंह और निखिल वर्मा के साथ लोहे की रॉड और बेल्ट से मारपीट की। घायल युवकों ने देर रात जिला अस्पताल पहुंचकर उपचार कराया। पूरन नगर निवासी प्रिंस सिंह और निखिल वर्मा ने बताया कि वे रविवार रात करीब पौने 12 बजे कब्बा खेड़ा नाला क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तिरंगा रैली खड़ी थी। उन्होंने रास्ता देने के लिए साइड हटने को कहा, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। प्रिंस सिंह के अनुसार, विरोध करने पर रैली में मौजूद लोगों ने उन पर लोहे की रॉड और बेल्ट से हमला किया। अचानक हुए इस हमले में दोनों युवक घायल हो गए। घटना के बाद वे किसी तरह मौके से निकलकर जिला अस्पताल पहुंचे। घायल युवकों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद वे कोतवाली पहुंचे, लेकिन वहां उनकी सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जिला अस्पताल में दोनों युवकों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें उन्हें चोटें आने की पुष्टि हुई है। इस घटना को लेकर पुलिस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस पीड़ितों के आरोपों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है। कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाए जाने के बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *