![]()
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के सलोह गांव के 23 वर्षीय नितिन जसवाल ने भारतीय सेना में अधिकारी बनने का सपना साकार कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नितिन ने भारतीय सेना के एसएससी टेक्निकल कोर्स-67 की परीक्षा उत्तीर्ण कर कंप्यूटर साइंस ट्रेड में देशभर में 44वां स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही उन्होंने सिलेक्शन सेंटर नॉर्थ, जालंधर में आयोजित एसएसबी इंटरव्यू भी सफलतापूर्वक पास किया। इस उपलब्धि के बाद नितिन अब ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए), गया में एक वर्ष का सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन मिलने की संभावना है। नितिन ने चितकारा यूनिवर्सिटी से बीटेक की पढ़ाई की है नितिन ने चितकारा यूनिवर्सिटी, राजपुरा से कंप्यूटर इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई की है। उन्होंने दसवीं की शिक्षा डीएवी सेंटेनरी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ऊना और जमा दो की पढ़ाई हिम अकादमी, हमीरपुर से पूरी की। पढ़ाई के बाद उन्हें बेंगलुरु स्थित एलजी ग्रुप में नौकरी मिली, लेकिन बचपन से सेना में अधिकारी बनने का सपना होने के कारण उन्होंने नौकरी छोड़कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी। कड़ी मेहनत के बल पर नितिन ने भारतीय सेना के एसएससी टेक्निकल-67 के साथ-साथ भारतीय नौसेना की एसएससी टेक्निकल परीक्षा भी पास की है। उन्होंने सीडीएस-2026 की लिखित परीक्षा, एफकैट और कोस्ट गार्ड की परीक्षाएं भी उत्तीर्ण की हैं। नितिन सैन्य पृष्ठभूमि वाले परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता सुनील ठाकुर सेना से हवलदार पद से सेवानिवृत्त हैं। नितिन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों, परिजनों और शुभचिंतकों को दिया है।
Source link
ऊना के नितिन जसवाल बनेंगे भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट:एसएससी टेक्निकल-67 में पूरे भारत में 44वां स्थान हासिल किया
