Headlines

ऊना जिला परिषद पर भाजपा का कब्जा:12 पार्षदों के समर्थन से पवन अध्यक्ष बने; अविनाश मेनन निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने




ऊना जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा ने फिर से कब्जा कर लिया है। अंबोटा वार्ड से सदस्य पवन लम्बरदार को अध्यक्ष और देहलां वार्ड से सदस्य अविनाश मेनन को उपाध्यक्ष चुना गया है। दोनों पदों पर यह चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ, क्योंकि कांग्रेस इन पदों के लिए अपने उम्मीदवार नहीं उतार पाई। यह चुनाव प्रक्रिया बुधवार को जिला परिषद सभागार में डीसी ऊना जतिन लाल की देखरेख में पूरी हुई। डीसी जतिन लाल ने बताया कि चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ है। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष पवन लम्बरदार और उपाध्यक्ष अविनाश मेनन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। ऊना जिला परिषद कुल 17 वार्डों पर आधारित है। इसमें भाजपा समर्थित सदस्यों की संख्या 12 है, जबकि कांग्रेस समर्थित सदस्यों की संख्या पांच है। पर्याप्त बहुमत होने के कारण भाजपा ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के नाम पहले ही तय कर लिए थे, जिससे उनके उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। जीत के बाद भाजपाइयों ने मनाया जश्न दोनों पदों पर मिली जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर चुनाव पर्यवेक्षक रणधीर शर्मा, ऊना के विधायक सतपाल सत्ती, पूर्व विधायक राजेश ठाकुर, बलबीर चौधरी, चैतन्य शर्मा और देवेंद्र कुमार भुट्टो सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 9 जिलों में भाजपा के जिला परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष विजेता हिमाचल भाजपा के मीडिया विभाग के प्रभारी और चुनाव पर्यवेक्षक रणधीर शर्मा ने इस जीत पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऊना सहित 9 जिलों में भाजपा के जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष काबिज हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अभी जिला परिषद शिमला का चुनाव होना शेष है और उन्हें विश्वास है कि भाजपा शिमला जिला परिषद का चुनाव भी जीतेगी। शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ऊना उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का गृह जिला है, जहां कांग्रेस अपना उम्मीदवार नहीं उतार सकी। ऐसी ही स्थिति मुख्यमंत्री के हमीरपुर जिला में भी रही, जहां कांग्रेस जिला परिषद चुनाव में अपने उम्मीदवार नहीं दे पाई। उन्होंने दावा किया कि सीएम और डिप्टी सीएम के जिलों में कांग्रेस को नकार दिया गया है और हिमाचल से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। रणधीर शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को निर्विरोध चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने सभी जिला परिषद सदस्यों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने एकजुटता का परिचय देते हुए भाजपा द्वारा तय दोनों उम्मीदवारों को विजयी बनाया है। सुशासन और विकास की राजनीति पर जनता की मुहर: सत्ती वहीं, ऊना के विधायक सतपाल सत्ती ने कहा कि जिला परिषद में भाजपा समर्थित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का निर्विरोध निर्वाचन जनसेवा, सुशासन और विकास की राजनीति पर जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष पवन लम्बरदार और उपाध्यक्ष अविनाश मेनन को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों के नेतृत्व में जिला परिषद ऊना विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। साथ ही जनहित के कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने इस जीत के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं और जनता का आभार व्यक्त किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *