Headlines

ऊना में नशे के खिलाफ एंटी-चिट्टा वॉकथॉन कल:सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू दिखाएंगे हरी झंडी, डीसी ने लिया तैयारियों का जायजा




ऊना में नशे के खिलाफ कल यानी 16 सितंबर को हजारों लोग एक साथ कदम बढ़ाएंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में होने वाले एंटी-चिट्टा वॉकथॉन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। डीसी ऊना जतिन लाल और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्टेडियम में व्यवस्थाएं देखीं। मुख्यमंत्री वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे। वे युवाओं से बातचीत करेंगे और खुद प्रतिभागियों के साथ वॉकथॉन में चलकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देंगे। साथ ही वे प्रतिभागियों को नशे के विरुद्ध जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाएंगे। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, विधायक और अन्य लोग भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। डीसी बोले- नशे के खिलाफ हर वर्ग की भागीदारी जरूरी डीसी ऊना जतिन लाल ने जिले के लोगों से एंटी-चिट्टा वॉकथॉन में ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों और आमजन से इस अभियान का हिस्सा बनकर नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प को मजबूत करने के लिए कहा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे इंदिरा स्टेडियम ऊना से होगी। इस दौरान मशहूर पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ दी पाइन्स’ अपनी प्रस्तुति देगा। वॉकथॉन इंदिरा स्टेडियम से आईएसबीटी ऊना तक जाएगी और वहां से वापस स्टेडियम पहुंचेगी। वॉकथॉन में 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों, आईटीआई और कॉलेजों के विद्यार्थियों के साथ-साथ आमजन की बड़ी संख्या में भागीदारी रहेगी। डीसी ने सभी शिक्षण संस्थानों से अपने संस्थान के बैनर के साथ वॉकथॉन में भाग लेने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्लेकार्ड या बोर्ड न लाएं, जिनमें लकड़ी या ऐसी सामग्री का इस्तेमाल हो जिससे प्रतिभागियों को चोट लगने का खतरा हो। अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाली बसों पर भी एंटी-चिट्‌टा जागरूकता संबंधी बैनर लगाए जाएंगे। दोपहर बाद तक ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट वॉकथॉन के दौरान 16 सितंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक ऊना शहर में खास ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी। ऊना जिला मुख्यालय से होकर गुजरने वाले वाहनों को परेशानी से बचाने के लिए अंतर-जिला यातायात के लिए व्यवस्था की गई है। डीसी ने कहा कि एंटी-चिट्टा वॉकथॉन नशे के खिलाफ समाज की सामूहिक आवाज को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि 16 सितंबर को ऊना में उठने वाले इन हजारों कदमों का हिस्सा बनें और नशे के खिलाफ एकजुटता का मजबूत संदेश दें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *