![]()
बालोद जिले के डौंडी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में छात्रों के नशा करने और मारपीट से जुड़ी तस्वीरें सामने आने का मामला अब छात्र की मौत की जांच से जुड़ गया है। हॉस्टल में सितंबर में कक्षा 10वीं के एक छात्र की फंदे से लटकी लाश मिली थी। अब परिजनों ने आरोप लगाया है कि छात्र रैगिंग और मारपीट से परेशान था और इसी वजह से उसने आत्मघाती कदम उठाया। इन आरोपों और हॉस्टल की व्यवस्थाओं के विरोध में पूर्व मंत्री एवं डौंडीलोहारा विधायक अनिला भेड़िया, गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद, मृतक छात्र के परिजन और सैकड़ों लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरना दिया। दो घंटे चला प्रदर्शन करीब दो घंटे चले प्रदर्शन के बाद कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से चर्चा की। कलेक्टर ने हॉस्टल वार्डन को तत्काल हटाकर अटैच करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। 9 सितंबर की मारपीट CCTV में कैद होने का दावा मृतक छात्र के पिता कामता प्रसाद रावटे और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना से कुछ दिन पहले छात्र के साथ हॉस्टल के सीनियर छात्रों ने मारपीट की थी। परिजनों का दावा है कि 9 सितंबर की घटना CCTV कैमरे में कैद है। उनका आरोप है कि घटना की जानकारी होने के बावजूद हॉस्टल प्रबंधन ने गंभीरता से कार्रवाई नहीं की। परिजनों ने कलेक्टर को दिए आवेदन में रैगिंग, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने घटना से पहले और घटना वाले दिन की CCTV फुटेज सुरक्षित रखने, मृतक के सहपाठियों, सीनियर छात्रों, चौकीदार, शिक्षकों और कर्मचारियों के बयान दर्ज करने तथा प्राचार्य, वार्डन, PTI और हाउस मास्टर की भूमिका की जांच की मांग भी की है। PT के बाद कमरे में मिला था शव परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह छात्र रोज की तरह PT के लिए गए थे। PT के बाद जब छात्र कमरे में लौटे तो कक्षा 10वीं के छात्र का शव फंदे से लटका मिला। साथी छात्रों ने शिक्षकों को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। डौंडी पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। अब परिजनों की ओर से रैगिंग, मारपीट और हॉस्टल की व्यवस्था से जुड़े नए बिंदु सामने रखे गए हैं, जिन्हें जांच में शामिल करने की बात कही गई है। सीनियर छात्रों पर मोबाइल इस्तेमाल करने का आरोप मृतक छात्र के जीजा संजय कुमार ने आरोप लगाया कि छात्र का मोबाइल फोन दो सीनियर छात्र इस्तेमाल करते थे। उन्होंने हॉस्टल में दो गुट सक्रिय होने और जूनियर छात्रों से मारपीट व रैगिंग किए जाने का दावा किया। उनका आरोप है कि बड़े छात्रों द्वारा नए और जूनियर छात्रों से कपड़े और बर्तन धुलवाए जाते थे, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से इस पर कार्रवाई नहीं की गई। हॉस्टल में नशे की तस्वीरों को लेकर भी सवाल प्रदर्शन के दौरान हॉस्टल में छात्रों के गांजा, बीड़ी और हुक्का इस्तेमाल करने की तस्वीरें सामने आने का मुद्दा भी उठाया गया। इन तस्वीरों के संबंध में आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने कहा कि तस्वीरों में कुछ गतिविधियां दिखाई दे रही हैं, लेकिन उनकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी। विधायक ने व्यवस्था पर उठाए सवाल गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने हॉस्टल की व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एकलव्य विद्यालय के हॉस्टल में बीड़ी-सिगरेट और तंबाकू पहुंच रहा है और बच्चे इनका इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने हॉस्टल की खिड़कियों, दरवाजों और शौचालयों की खराब स्थिति का भी मुद्दा उठाया। निषाद ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। अनिला भेड़िया बोलीं- जवाबदेही तय हो पूर्व मंत्री एवं डौंडीलोहारा विधायक अनिला भेड़िया ने आदिवासी बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन एकलव्य विद्यालय को केंद्र सरकार की संस्था बताकर अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकते। उन्होंने कहा कि हॉस्टल में नशीले पदार्थों से जुड़ी गतिविधियां सामने आ रही हैं तो इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ने वार्डन हटाकर अटैच करने का दिया आश्वासन कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों से चर्चा की। उन्होंने हॉस्टल वार्डन को तत्काल वहां से हटाकर अटैच करने का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने कहा कि छात्र की मौत से जुड़े सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच होगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन की वेबसाइट पर दिव्या उमेश मिश्रा को वर्तमान बालोद कलेक्टर बताया गया है। रैगिंग और नशे से जुड़े आरोपों की भी जांच पुलिस अधिकारियों ने कहा कि छात्र की मौत के मामले में जांच पहले से चल रही है। परिजनों की ओर से सामने रखे गए नए आरोपों और आशंकाओं को भी जांच में शामिल किया जाएगा। रैगिंग के आरोप तथा हॉस्टल में नशीले पदार्थों के इस्तेमाल से जुड़ी तस्वीरों की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। प्राचार्य और कर्मचारियों को नोटिस आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त विजय कंवर ने बताया कि घटना के संबंध में प्राचार्य, अधीक्षक और अन्य कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। जवाब प्राप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया सामने आई कमियों के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। नशीले पदार्थों से जुड़ी तस्वीरों की अलग से जांच कराने की बात भी उन्होंने कही। जांच में अब कई सवालों के जवाब तलाशे जा रहे मामले में अब पुलिस और प्रशासन के सामने यह जांचना है कि क्या हॉस्टल में रैगिंग या मारपीट की घटनाएं हुई थीं, CCTV में दर्ज गतिविधियों की वास्तविकता क्या है, नशीले पदार्थों से जुड़ी तस्वीरें कब और कैसे बनीं तथा छात्र की मौत से इन घटनाओं का कोई संबंध है या नहीं। इन सभी बिंदुओं की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Source link
एकलव्य स्कूल में छात्र की मौत पर हंगामा:कलेक्टोरेट में पूर्व मंत्री-MLA धरने पर बैठे, परिजनों ने रैगिंग और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए
