![]()
मुजफ्फरनगर की ए-टू-ज़ेड कॉलोनी में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के आवास के बाहर रविवार देर रात हुए हंगामे के बाद सोमवार को उनके भाई विवेक बालियान मीडिया के सामने आए। उन्होंने कॉलोनी निवासी अमित बाना की ओर से लगाए गए मारपीट, अतिक्रमण और दबंगई के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। प्रेस वार्ता में विवेक बालियान ने कहा कि सोशल मीडिया और कुछ अन्य माध्यमों में बिना तथ्यों की पुष्टि किए यह प्रचारित किया गया कि डॉ. संजीव बालियान का आवास सार्वजनिक पार्क की जमीन पर बना है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) से स्वीकृत मकान का नक्शा और सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने कहा- यदि जांच में एक इंच भी अतिक्रमण साबित हो जाए तो प्रशासन बुलडोजर चलाकर उसे हटा दे। हमें किसी तरह की आपत्ति नहीं है। ‘घटना के समय घर में अकेले थे डॉ. संजीव बालियान’ विवेक बालियान ने बताया कि घटना के समय डॉ. संजीव बालियान घर में अकेले थे और उनकी सुरक्षा में केवल सरकार द्वारा तैनात पुलिसकर्मी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी सुरक्षाकर्मी द्वारा किसी के साथ मारपीट किए जाने का आरोप पूरी तरह तथ्यहीन है। उनके मुताबिक, बाहर शोर-शराबा होने पर डॉ. बालियान कुछ देर के लिए बाहर आए थे, लेकिन माहौल और अमर्यादित भाषा को देखते हुए वापस घर के अंदर चले गए। प्रदर्शन को लेकर भी उठाए सवाल विवेक बालियान ने आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति ने रात में प्रदर्शन किया, वह पहले भी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर उनके आवास के बाहर पटाखे फोड़ चुका है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को विरोध करने का अधिकार है, लेकिन किसी के घर के बाहर आधी रात को प्रदर्शन करना और आतिशबाजी करना उचित नहीं कहा जा सकता। ‘बाहर से बुलाए गए थे लोग’ विवेक बालियान का दावा है कि रात के प्रदर्शन में कॉलोनी के स्थानीय लोगों की संख्या बहुत कम थी और कुछ लोगों को बाहर से बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि यदि किसी को संदेह है तो धरने के वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जा सकती है। मीडिया से की तथ्यों की पुष्टि की अपील उन्होंने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि किसी भी आरोप को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसके तथ्यों का सत्यापन अवश्य किया जाए। यदि किसी प्रकार की शिकायत है तो उसकी जांच पुलिस और संबंधित विभागों से कराई जाए तथा जो तथ्य सामने आएं, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाए। पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच इससे पहले कॉलोनी निवासी अमित कुमार ने डॉ. संजीव बालियान के सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट, वाहन क्षतिग्रस्त करने और कॉलोनी में अतिक्रमण जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस पहले से पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। विवेक बालियान की प्रेस वार्ता के बाद मामले में दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आ गए हैं। अब जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Source link
'एक इंच भी अतिक्रमण साबित हो तो बुलडोजर चला दें:मुजफ्फरनगर में पूर्व मंत्री संजीव बालियान के भाई बोले- निष्पक्ष जांच हो
