![]()
चंबल में लंबे समय से बंद रेत उत्खनन फिर शुरू होने की बात सामने आई है। रविवार सुबह बड़ी संख्या में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मुरैना शहर में पहुंचीं। पुलिस ने इनका पीछा किया तो करीब 20 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तेज रफ्तार में भागने लगीं। इसी दौरान टंच रोड की राठौर कॉलोनी में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार नाली में जा घुसी और क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार सवार बच गया। बताया जा रहा है कि घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है। इस समय ज्यादातर लोग घरों में थे। भागते ट्रैक्टरों ने एक घर के बाहर रखा लकड़ी का काउंटर और नल की लाइन भी तोड़ दी। घटना से जुड़े दो सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में भागने लगे ट्रैक्टर जानकारी के मुताबिक पुलिस ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोकने के लिए पीछा किया था। पुलिस को देखकर करीब 20 ट्रैक्टर एक साथ तेज रफ्तार में भागने लगे। इसी दौरान वे टंच रोड और राठौर कॉलोनी की ओर चले गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रैक्टरों के पीछे पुलिसकर्मी और पुलिस वाहन भी थे। भागने के दौरान एक ट्रैक्टर ने नरेश राठौर की कार को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक ट्रैक्टर लेकर आगे निकल गया। कार सवार बोला- आज दूसरा जन्म हुआ कार मालिक और स्थानीय निवासी नरेश राठौर ने बताया कि वह सुबह धौलपुर से लौटकर अपनी गली में पहुंचा ही था। इसी दौरान सामने से कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तेज रफ्तार में आती दिखाई दीं। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टरों ने उनकी कार को टक्कर मार दी, जिससे कार क्षतिग्रस्त होकर नाली में जा घुसी। नरेश के मुताबिक, पीछे पुलिस के दो जवान पैदल आ रहे थे और एक पुलिस वाहन भी था। नरेश ने कहा कि सुबह का समय होने के कारण गली में ज्यादा लोग बाहर नहीं थे। उनका कहना है कि अगर उस समय लोग बाहर होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने कहा, “मैं खुद आज मरते-मरते बचा हूं। आज मेरा दूसरा जन्म हुआ है।” महिला बोली- डर के मारे बाहर निकलना मुश्किल प्रत्यक्षदर्शी कमला बाई ने बताया कि सुबह शोर सुनकर उन्होंने बाहर देखा तो रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तेज रफ्तार में भाग रही थीं। इसी दौरान एक ट्रैक्टर ने नरेश की कार को टक्कर मार दी। कमला बाई के मुताबिक, ट्रैक्टरों के पीछे पुलिसकर्मी और पुलिस वाहन भी आ रहे थे। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में डर का माहौल है। घर के बाहर रखा सामान और नल लाइन भी टूटी भागते ट्रैक्टरों की वजह से सड़क किनारे और घरों के बाहर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ। एक घर के बाहर रखा लकड़ी का काउंटर और नल की लाइन टूट गई। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में तेज रफ्तार से ट्रैक्टर-ट्रॉलियां निकलती दिखाई दे रही हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर ट्रैक्टरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। TI ने फोन नहीं उठाया, CSP बोलीं- जानकारी लेकर बताती हूं मामले में कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। सीएसपी दीपाली चंदौरिया ने कहा कि उन्हें फिलहाल घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि वे मामले की जानकारी लेकर आगे बताती हैं।
Source link
मुरैना में चंबल की रेत फिर सड़कों पर:अवैध रेत ले जा रहीं 20 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों ने कार को मारी टक्कर, पुलिस के पीछा करने पर भी नहीं रुके तस्कर
