![]()
गोंडा में नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित दीवानी कचहरी के गेट नंबर दो के पास शुक्रवार को दोपहर 2 बजे अधिवक्ता के भाई पर हुए जानलेवा हमले के मामले में आज रविवार सुबह 10 बजे एक नया मोड़ आ गया है। पीड़ित पक्ष ने माधवपुर के ग्राम प्रधान पर अस्पताल में रेकी करने और हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाते हुए एक सीसीटीवी फुटेज जारी किया है। वहीं वारदात के 36 घंटे बीत जाने के बाद भी नामजद आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर हैं, जिससे पीड़ित परिवार में भारी दहशत है। बीते शुक्रवार दोपहर करीब 2:00 बजे पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने अधिवक्ता शिवेंद्र मिश्रा के भाई सत्यम मिश्रा पर धारदार हथियार और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। सत्यम पिछले 36 घंटे से गोंडा मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती हैं। आज रविवार सुबह करीब 10:00 बजे अधिवक्ता शिवेंद्र मिश्रा ने अस्पताल का एक सीसीटीवी फुटेज जारी किया। परिजनों का आरोप है कि माधवपुर के प्रधान आनंद ओझा उर्फ बब्बू ओझा अस्पताल में कल शनिवार को 3 बजे करीब सत्यम की रेकी करने पहुंचे थे। फुटेज में वह वार्ड के अंदर आते दिखते हैं, लेकिन परिजनों को देखते ही वापस लौट जाते हैं। अस्पताल में उपचाराधीन सत्यम मिश्रा ने आरोप लगाया कि वारदात से कुछ दिन पहले प्रधान आनंद ओझा के घर पर ही बैठकर उनकी हत्या की साजिश रची गई थी। शनिवार को भी वह अस्पताल में रेकी करने आए थे। पीड़ित परिवार ने पुलिस से मांग की है कि पूरे मामले में बब्बू ओझा की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच की जाए। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया है।वारदात को 36 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी नामजद आरोपी सुरेंद्र ओझा, देवेंद्र ओझा, अनिल ओझा और पांच अज्ञात हमलावर फरार हैं। परिजनों ने गोंडा पुलिस से तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। मामले में सीओ नगर योगेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और सामने आए सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की जा रही है, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link
अधिवक्ता के भाई पर हमला, प्रधान पर रेकी का आरोप:36 घंटे बाद भी 8 आरोपी फरार, इमरजेंसी वार्ड के बाहर पुलिस तैनात
