![]()
औरंगाबाद में नीट समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता के विरोध में छात्र संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर में जुलूस निकाला। इस दौरान रमेश चौक पर छात्रों का प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया। देखते ही देखते शांतिपूर्ण विरोध हिंसक झड़प में बदल गया। पथराव में एक पुलिसकर्मी, पत्रकार समेत 3 लोग घायल हो गए। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों ने सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई है। प्रदर्शन के दौरान हंगामे की तस्वीरें… सुबह से पुलिस रही अलर्ट, दोपहर 12 बजे के बाद जुटी भीड़ प्रदर्शन को देखते हुए जिला पुलिस सुबह से ही पूरी तरह सतर्क थी। रमेश चौक और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस लगातार गश्त कर रही थी और चौक पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच भी की जा रही थी। सुबह करीब 11:30 बजे तक स्थिति पूरी तरह सामान्य रही। कहीं भी प्रदर्शनकारी नजर नहीं आए, लेकिन दोपहर लगभग 12 बजे अचानक बड़ी संख्या में छात्र रमेश चौक पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने चौक की एक लेन को जाम कर दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। इसके साथ ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई और प्रदर्शनकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की भी कड़ी आलोचना की। भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव कुछ देर तक नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन चलता रहा, लेकिन बाद में माहौल तनावपूर्ण हो गया। उग्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड को तोड़कर सड़क से हटाकर फेंक दिया। इसके बाद छात्रों ने सड़क पर पड़े नारियल के टुकड़े और अन्य वस्तुएं उठाकर पुलिस बल पर फेंकना शुरू कर दिया। अचानक शुरू हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। स्थिति लगातार बिगड़ती देख पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब पथराव नहीं रुका तो भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया। पुलिस की कार्रवाई के बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हुई और यातायात भी बहाल कराया गया। पथराव में पुलिसकर्मी, पत्रकार और युवक घायल पथराव की घटना में हवलदार मो. मतलूब अली समेत 3 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और पुलिस के वरीय अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया।सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार किसी को गंभीर चोट नहीं आई है और सभी की स्थिति सामान्य होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
Source link
औरंगाबाद में छात्रों का उग्र प्रदर्शन:पथराव में पुलिसकर्मी समेत 3 घायल; पुलिस ने किया लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़े
