Headlines

करनाल में जमीनी विवाद के चलते चली गंडासी-डंडे:रास्ता रोककर धमकी देने के अगले दिन स्कूटी से जाते समय कार से साइड मारकर गिराया




करनाल के तरावड़ी थाना क्षेत्र के गांव सोंकड़ा में जमीन विवाद को लेकर एक किसान पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि दो दिन पहले आरोपी ने उसका रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौज की थी। कल शाम स्कूटी से घर लौटते समय कार से साइड मारकर उसे रोक लिया गया। इसके बाद गंडासी और डंडों से हमला किया गया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तीन नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले रास्ता रोककर धमकी देने का आरोप
गांव सोंकड़ा निवासी अग्रेंज सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। उसका सुखवंत सिंह के साथ काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। अग्रेंज सिंह के अनुसार दो दिन पहले सुखवंत सिंह ने घर के पास उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
अग्रेंज सिंह ने बताया कि उस समय वह वहां से निकलकर अपने घर चला गया। इसके अगले दिन यानी कल शाम करीब 6:30 बजे वह अपने मामा के डेरे से स्कूटी पर घर की तरफ लौट रहा था। घर से कुछ दूरी पर बस स्टॉप के पास पीछे से आई सफेद रंग की क्रेटा कार ने उसकी स्कूटी को साइड मार दी। इससे वह गिरते-गिरते बचा। उसने स्कूटी रोक दी तो क्रेटा आगे जाकर रुक गई। प्लेटिना पर तीन और क्रेटा में चार लोग होने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बाद पीछे से एक प्लेटिना मोटरसाइकिल भी आई, जिस पर तीन लोग सवार थे। उनमें गुलाब सिंह ने उसे पकड़ लिया। गुरमेज सिंह ने उसकी बाईं बाजू पर गंडासी से वार किया, जबकि दिलबाग उर्फ मोन्टी ने उसकी टांग पर डंडा मारा।
अग्रेंज सिंह का आरोप है कि क्रेटा कार में चार लोग सवार थे। इनमें से अमृत कार से बाहर आया और उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया। हमले के बाद कार से तीन अन्य लोग भी नीचे उतरे, जिनके नाम वह नहीं जानता। इन लोगों ने भी उसे लात-घूंसों से पीटा। ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी भागे
अग्रेंज सिंह के मुताबिक हमले के दौरान शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचने लगे। ग्रामीणों को आता देखकर सभी आरोपी वहां से भाग निकले। जाते समय उन्होंने उसे धमकी दी कि आज तो लोगों की वजह से बच गया, लेकिन दोबारा नहीं छोड़ेंगे और मारकर ही दम लेंगे। घटना के बाद उसके मामा के लड़के पंजाब सिंह ने उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल करनाल पहुंचाया। पुलिस को दिए बयान में अग्रेंज सिंह ने सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। डॉक्टर ने बयान देने के लिए फिट बताया
कल शाम को तरावड़ी में पुलिस को सूचना मिली कि अग्रेंज सिंह लड़ाई-झगड़े में घायल होकर सरकारी अस्पताल करनाल में भर्ती है। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल में पहुंची और पीड़ित का बयान लिया। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने गुरमेज सिंह पुत्र जगजीर सिंह, दिलबाग उर्फ मोन्टी पुत्र अमरीक सिंह, अमृत और अन्य आरोपियों के खिलाफ धारा 190, 191(3), 115, 126 और 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *