Headlines

करनाल में बीरू हत्याकांड के 27 घंटे बाद एनकाउंटर:पुलिस से मुठभेड़ में 2 बदमाश ढेर, बाइक और हथियार बरामद




करनाल में बीरू वाल्मीकि हत्याकांड के 27 घंटे बाद ही पुलिस ने दोनों संदिग्ध बदमाशों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। घोघड़ीपुर नहर के पास देर रात करीब 12 बजे पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने टीम को देखते ही कई राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में दोनों को गोली लगी। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मारे गए बदमाशों की पहचान हर्ष (24) निवासी नीलोखेड़ी और बीरबल (29) निवासी गांव मटरवा खेड़ी, कैथल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने ही बीरू वाल्मीकि की बुधवार रात को सिर में गोली कर उसकी हत्या की थी। हत्या के बाद से ही पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। रातभर तलाश के बाद नहर की पटरी पर घेरा
जानकारी के अनुसार बीरू की हत्या के बाद आरोपियों की तलाश के लिए 5 टीमें लगाई गई थीं। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध बाइक पर सवार होकर नहर की पटरी से घोघड़ीपुर गांव की तरफ जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि टीम को देखते ही बाइक सवार दोनों युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों को गोली लगी और वे बाइक से नीचे गिर गए। हथियार, कारतूस और बाइक मौके से बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के पास पहुंचकर तलाशी ली। पुलिस के अनुसार उनके कब्जे से बंदूक, कारतूस और बाइक बरामद हुई है। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। बीरू की हत्या के बाद से ही पुलिस के रडार पर थे
पुलिस के अनुसार बुधवार रात भगवाड़िया गैस एजेंसी के पास बीरू वाल्मीकि की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से ही हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी थीं। जांच के दौरान पुलिस को दोनों संदिग्धों के बारे में सुराग मिला। इसी सूचना के आधार पर नहर की पटरी पर पुलिस ने उन्हें घेरा। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बीरू की हत्या में दोनों की क्या भूमिका थी और वारदात में इस्तेमाल हथियारों का स्रोत क्या था। एसपी समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे, FSL ने जुटाए साक्ष्य
एनकाउंटर की सूचना मिलते ही एसपी नरेंद्र बिजारणिया समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कराई। FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाएगी। आज पोस्टमार्टम, परिजनों को सौंपे जाएंगे शव
पुलिस मुठभेड़ में मारे गए हर्ष और बीरबल के शव मोर्चरी हाउस में रखवा दिए गए हैं। आज दोनों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव उनके परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस अब बीरू हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट और मुठभेड़ में मारे गए दोनों संदिग्धों के बीच कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *