![]()
बरेली में श्रावण मास की पुत्रदा एकादशी पर रविवार को श्यामगंज स्थित श्री शिरडी साई-खाटूश्याम सर्वदेव मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। एक भक्त की मनोकामना पूरी होने के उपलक्ष्य में बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार, भंडारा और भजन संध्या आयोजित की गई। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार कलकत्ता और बेंगलुरु से मंगाए गए फूलों से किया गया था। फूलों से सजे दरबार की अलौकिक छटा देखने के लिए दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दर्शन के समय भक्तों ने बाबा श्याम के जयकारे लगाए और अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की अर्जी लगाई। मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक ने बताया कि यह श्रृंगार सेवा और भंडारा एक भक्त की मनोकामना पूर्ण होने के बाद आयोजित किया गया। उन्होंने जानकारी दी कि लगभग एक महीने पहले निधि कटेरिया और विकास गंगवार अपनी समस्या लेकर मंदिर आए थे। महंत ने उन्हें बाबा श्याम के दरबार में अर्जी लगाने और आस्था बनाए रखने का परामर्श दिया था। विकास गंगवार ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल में एक अच्छे पद के लिए परीक्षा दी थी। उन्हें इस परीक्षा में न केवल सफलता मिली, बल्कि उन्होंने अच्छी रैंक भी हासिल की। भजन संध्या के दौरान निधि कटेरिया ने स्वयं माइक पर यह जानकारी साझा करते हुए इसे बाबा श्याम की कृपा बताया। शाम को भजन संध्या का शुभारंभ आनंद बाबू ने किया। भजन गायक शिवम शर्मा और सोनल चंचल ने बाबा श्याम के मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। गुरु गणेश और सरस्वती वंदना के साथ भजनों का सिलसिला शुरू हुआ, जिससे पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया। ‘श्याम तेरी बंसी पुकारे’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते और जयकारे लगाते रहे। कार्यक्रम के समापन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर राजेश कुमार सक्सेना, सुरेखा सक्सेना, अनुपम टीबडेवाल, धर्मेंद्र सिंह तोमर, निषिश अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, मनोज गुप्ता, रामबहादुर प्रजापति, राजेश कुमार, सविता, कुलदीप गुप्ता, गौरव अरोड़ा, पवन मौर्य, सत्यवती पाठक, दीक्षा पाठक, श्रद्धा, माही, ममता, मीनू-राजेंद्र भसीन, अंकुर गुप्ता, काजल-जगमोहन प्रजापति, अंकुर कक्कड़, अंकुश अग्रवाल, अनूप मिश्रा, भगवानदास, अभिषेक शर्मा, पुनीत मिश्रा, डॉली सक्सेना, इंद्रेश सहित सैकड़ों भक्त उपस्थित रहे।
Source link
कलकत्ता-बेंगलुरु के फूलों से सजा बाबा श्याम का दरबार:पुत्रदा एकादशी पर उमड़ा भक्तों का सैलाब, भजन संध्या में गूंजे जयकारे, भंडारे का भी आयोजन
