Headlines

कांगड़ा में कबड्डी मैच के दौरान लेंटर गिरा, 25 घायल:3 को गंभीर हालत में टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा, क्षमता से ज्यादा लोगों के चढ़ने से हादसा




कांगड़ा के अब्दुलापुर में रविवार दोपहर उम्मीद फाउंडेशन द्वारा आयोजित कबड्डी लीग टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। मैच देखने के लिए पंचायत भवन के लेंटर पर क्षमता से अधिक लोग चढ़ गए, जिससे अचानक लेंटर का छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया। इस हादसे में लेंटर पर खड़े और नीचे कुर्सियों पर बैठे दर्शकों सहित 25 लोग घायल हो गए। घटना के समय मैदान में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी और डीएसपी अजय ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे ही थे कि अचानक यह हादसा हो गया। चीख-पुकार मचते ही आयोजकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। घायलों को निजी वाहनों और एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल कांगड़ा पहुंचाया गया।
3 गंभीर घायल टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर सिविल अस्पताल कांगड़ा की वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) डॉ. अल्पना काइस्था ने बताया कि अस्पताल में कुल 25 घायलों का इलाज शुरू किया गया। इनमें से तीन युवाओं—हर्ष (14 वर्ष), सुजल (18 वर्ष) और मोहित (19 वर्ष)—की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा मानकों और व्यवस्था में हुई चूक को लेकर उम्मीद फाउंडेशन के आयोजकों से पूछताछ की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *