Headlines

कांगड़ा में रानीताल-ज्वालाजी फोरलेन पर भूस्खलन:ऑल्टो पर गिरी भारी चट्टान, पांच लोग घायल, सेफ्टी नेट भी फटा, मार्ग पर अलर्ट




कांगड़ा में रानीताल-ज्वालाजी फोरलेन मार्ग पर बाथू पुल के पास भूस्खलन से बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी से मलबे के साथ एक भारी चट्टान सड़क से गुजर रही ऑल्टो कार पर जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, ऑल्टो कार बैजनाथ की ओर से आ रही थी। बाथू पुल के पास पहुंचते ही अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा दरक गया और मलबे के साथ विशाल चट्टान कार पर आ गिरी। चट्टान के जोरदार टकराने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क किनारे पलट गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फोरलेन निर्माण के दौरान पहाड़ी से गिरने वाले मलबे और चट्टानों को रोकने के लिए लगाई गई ग्रीन सेफ्टी नेट भी भारी चट्टान के दबाव में फट गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने रानीताल-ज्वालाजी मार्ग पर वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में पहाड़ी की ओर ध्यान रखने और वाहन खड़ा न करने की अपील की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *