![]()
कानपुर देहात में पिछले करीब 40 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण अब शहर से लेकर सरकारी कार्यालयों तक जलभराव की स्थिति बनने लगी है। अकबरपुर कोतवाली परिसर भी बारिश के पानी से जलमग्न हो गया है। कोतवाली परिसर में बने पुलिसकर्मियों के आवासों तक पानी पहुंच गया है, जबकि कार्यालय के अंदर मालखाने तक पानी भर गया है। इससे पुलिसकर्मियों को रोजमर्रा के कामकाज में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी के बीच बैठकर काम कर रहे पुलिसकर्मी कोतवाली परिसर में पानी भरने के बावजूद पुलिसकर्मी जरूरी काम निपटाने में जुटे हैं। कार्यालय परिसर में जलभराव के बीच उन्हें बैठकर काम करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के कारण कोतवाली की जलनिकासी व्यवस्था भी प्रभावित नजर आ रही है। मोटर लगाकर पानी निकालने का प्रयास जलभराव कम करने के लिए फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। मोटर लगाकर कोतवाली परिसर से पानी बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिसकर्मियों के आवासीय परिसर और कार्यालय में जमा पानी को कम करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। 24 घंटे में 61 मिमी बारिश, पारा 21 डिग्री कानपुर देहात में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब 61 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कहीं धीमी तो कहीं तेज बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है और पारा लुढ़ककर करीब 21 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सड़कों और निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आगे भी बारिश की संभावना आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी दिनभर मौसम ऐसा ही बने रहने का अनुमान है। ऐसे में आने वाले घंटों में जलभराव की समस्या और बढ़ने की आशंका है। लगातार बारिश के बीच प्रशासन और संबंधित विभागों के सामने जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु रखने और जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों को राहत पहुंचाने की चुनौती बनी हुई है।
Source link
कानपुर देहात में बारिश से अकबरपुर कोतवाली में भरा पानी:मालखाने तक पहुंचा पानी, जलभराव के बीच काम कर रहे पुलिसकर्मी
