![]()
पीलीभीत में गुरुवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा जहानाबाद रेलवे क्रॉसिंग के पास उस समय हुआ, जब सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। पुलिस ने कार ड्राइवर को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला जहानाबाद थाना क्षेत्र का है। महिला सड़क पर गिरकर गंभीर घायल जानकारी के अनुसार, जहानाबाद थाना क्षेत्र के मीरापुर पट्टी निवासी ओंकार सिंह, पुत्र जयपाल सिंह, अपनी पत्नी लवली देवी के साथ गुरुवार शाम करीब 4 बजे बाइक से पीलीभीत शहर जा रहे थे। जैसे ही वे जहानाबाद रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ओंकार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी लवली देवी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल लवली देवी को तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही जहानाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक जयशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी जयशंकर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वैगनआर कार के चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
कार ने बाइक को मारी टक्कर, पति की मौत:पत्नी की हालत गंभीर, ड्राइवर हिरासत में
