![]()
किन्नौर जिले में एनएच-5 पर पानवी पुल से करीब 300 मीटर दूर मंगलवार रात तीन भेड़ पालकों के बीच हुई मारपीट में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान गानवी निवासी जगदीश के रूप में हुई है। घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, तीनों भेड़ पालक भावाकंडे की तरफ से भेड़-बकरियां लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-5 पर किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर तीनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक टिप्पर चालक ने उन्हें आपस में लड़ते देखा। आरोप है कि मारपीट में जगदीश गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद उनके दोनों साथी वहां से फरार हो गए। पुलिस को आज सुबह मिली सूचना पुलिस को मामले की सूचना बुधवार सुबह मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को बुलाया। गानवी से पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपियों को मौके पर लाने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों के विरोध के चलते घटनास्थल पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शी माने जा रहे टिप्पर चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद चलेगा।
Source link
किन्नौर में भेड़ पालकों में खूनी झड़प:एनएच-5 पर 45 वर्षीय जगदीश की मौत, साथी फरार; ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की
