![]()
किशनगंज में जिले के अमलझाड़ी गांव में शुक्रवार को 71 वर्षीय वृद्ध जलालुद्दीन का शव उनके घर के एक बंद कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर किशनगंज सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक की पत्नी के बयान पर पुलिस ने यूडी (Unnatural Death) केस दर्ज किया है। घर लौटने के कुछ देर बाद कमरे में मिला शव जानकारी के अनुसार, जलालुद्दीन शुक्रवार सुबह बेलवा क्षेत्र से अपने घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद वे कुछ देर बरामदे में बैठे। इसके बाद जब वे परिजनों को दिखाई नहीं दिए तो उनकी तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान घर का एक कमरा अंदर से बंद मिला। परिजनों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। स्थिति संदिग्ध लगने पर किसी तरह कमरे का दरवाजा खुलवाया गया। दरवाजा खुलते ही जलालुद्दीन का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पत्नी रोजिला खातून के बयान के आधार पर शनिवार को सदर थाना में यूडी केस दर्ज किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि वृद्ध की मौत के मामले में यूडी केस दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए घटना की पड़ताल कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Source link
किशनगंज में बुजुर्ग का शव फंदे से लटका मिला:घर के बंद कमरे में मिला शव, परिजनों ने दरवाजा खोलकर देखा तो मचा हड़कंप
