![]()
कुल्लू के पतलीकूहल स्थित बाड़ी प्राथमिक स्कूल में मिड-डे मील की खीर खाने के बाद बीमार हुए 39 बच्चों में से 15 को आज अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बाकी बच्चों की भी हालत में सुधार बताया जा रहा है और चिकित्सक उनकी निगरानी कर रहे हैं। बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मंगलवार शाम सीएचसी पतलीकूहल में भर्ती करवाया गया। बच्चों को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई थी। कुछ बच्चों को हालत बिगड़ने पर क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू भी रेफर किया गया। अस्पताल में भर्ती बच्चों का डॉक्टरों की टीम लगातार स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है। विधायक ने SDM को सौंपी जांच इस मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने इसकी जांच एसडीएम को सौंप दी है। विधायक ने कहा कि मामले की पूरी जांच करवाई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने अस्पताल पहुंचकर बीमार बच्चों और उनके परिजनों से भी मुलाकात की और बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच शिक्षा विभाग भी मामले की जांच में जुट गया है। डिप्टी डायरेक्टर ज्ञान चंद ने बताया कि विभाग की टीम स्कूल जाकर पूरे मामले की जांच कर रही है। मिड-डे मील तैयार करने से लेकर बच्चों को परोसे जाने तक की प्रक्रिया की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फूड पॉइजनिंग की आशंका, कारण की जांच जारी प्रारंभिक तौर पर बच्चों के बीमार पड़ने को फूड पॉइजनिंग से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि बीमारी के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। मिड-डे मील में परोसी गई खीर को लेकर भी जांच की जा रही है। अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि खीर खाने के बाद ही बच्चों की तबीयत बिगड़ी। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और संबंधित विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। बाड़ी स्कूल में 51 बच्चे पंजीकृत बाड़ी स्कूल में कुल 51 स्टूडेंट है। जितने भी बच्चे बीते मंगलवार को स्कूल में थे, सभी बीमार पड़ गए। 39 बच्चे बीती शाम को सीएचसी पतलीकूहल में लाए गए, जबकि कुछ बच्चे आज सुबह भी अस्पताल पहुंचे हैं। इन बच्चों की सेहत मिड डे मील के तहत खिलाई गई खीर से अचानक बिगड़ी। किस वजह से तबीयत बिगड़ी है, यह खाद्य सामग्री की जांच होने के बाद ही पता चलेगा। पूर्व विधायक भी अस्पताल पहुंचे पूर्व विधायक गोविंद सिंह ठाकुर भी बुधवार को सीएचसी पतलीकूहल पहुंचे और बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
Source link
कुल्लू में खीर खाने से 39 बच्चे बीमार:SDM करेंगे जांच, 15 अस्पताल से डिस्चार्ज, मिड डे मील की खीर पर सवाल
