![]()
रणथंभोर बाघ अभ्यारण्य के कैलादेवी क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन संदिग्ध शिकारियों को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा। टीम ने मौके से टोपीदार बंदूक, चाकू, बारूद और अन्य धारदार हथियार जब्त किए, लेकिन आरोपी वनकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गए। मामले में वन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं, वनकर्मियों के साथ छीनाझपटी और राजकार्य में बाधा डालने के आरोप में मंडरायल थाने में भी शिकायत दी गई है। कई दिनों से मिल रही थी शिकार की सूचना रणथंभोर बाघ अभ्यारण्य द्वितीय कैला देवी के उपवन संरक्षक संजीव शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शिकारियों के सक्रिय होने की सूचनाएं पिछले कई दिनों से मिल रही थीं। इन सूचनाओं के आधार पर वन विभाग की टीम को गश्त और निगरानी के लिए भेजा गया था। इसी दौरान नींदर वन खंड के तेंदुआ क्षेत्र में टीम की नजर संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। हथियारों के साथ पकड़े गए तीन संदिग्ध वन विभाग की टीम ने मौके पर एक महिला सहित तीन शिकारियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से टोपीदार बंदूक, चाकू, बारूद और अन्य धारदार हथियार बरामद किए गए। वन विभाग की कार्रवाई के दौरान मौके पर अन्य लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। वनकर्मियों से छीनाझपटी का आरोप वन विभाग के अनुसार, जब वनकर्मियों ने आरोपियों को अवैध शिकार से रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने टीम के साथ छीनाझपटी शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वन अधिनियम में केस, पुलिस को भी शिकायत वनरक्षक विशंभर नाथ चतुर्वेदी और प्रदीप कटारिया की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने की शिकायत मंडरायल थाने में भी सौंपी है। मामले में फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Source link
कैलादेवी क्षेत्र में शिकारियों पर वन विभाग की कार्रवाई:टोपीदार बंदूक सहित चाकू जब्त, तीन आरोपी मौके से हुए फरार
